nuh police warning to investigate currency note garlands in weddings cash source checked सावधान! दूल्हे को नोटों के हार पहनाए तो घर आ जाएगी पुलिस, पाई-पाई का देना होगा हिसाब, Ncr Hindi News - Hindustan
More

सावधान! दूल्हे को नोटों के हार पहनाए तो घर आ जाएगी पुलिस, पाई-पाई का देना होगा हिसाब

हरियाणा के नूंह में शादियों के दौरान नोटों की भारी-भरकम मालाएं पहनकर दिखावा करने वालों पर अब कानून का शिकंजा कसने वाला है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि ऐसी मालाओं में लगी पाई-पाई का हिसाब देना होगा।

Sat, 23 May 2026 10:37 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नूंह
share
सावधान! दूल्हे को नोटों के हार पहनाए तो घर आ जाएगी पुलिस, पाई-पाई का देना होगा हिसाब

दूल्हे के गले में डाली जाने वाली नोटों की मालाओं की अब हरियाणा की नूंह पुलिस जांच करेगी। शादी-विवाह में करोड़ों रुपये की नकदी और सोने जैसी दिखने वाली मालाओं के प्रदर्शन पर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। दिखावे की आड़ में अवैध लेन-देन, टैक्स चोरी और अपराध को बढ़ावा देने वालों पर कार्रवाई होगी।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के मुताबिक, जिले में शादी समारोहों के दौरान नोटों की मालाओं का प्रदर्शन तेजी से बढ़ा है। कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें दूल्हे को लाखों और करोड़ों रुपये की मालाएं पहनाई जाती दिखाई देती हैं। बहरहाल, अब ऐसे आयोजनों पर विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस तरह का दिखावा युवाओं को गलत संदेश देता है और मेहनत के बजाय अवैध पैसे की चमक को बढ़ावा देता है। प्रशासन का मानना है कि समाज में सादगी और कानून के पालन को बढ़ावा देना जरूरी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:MP:छोटे भाई की शादी से नाराज कुंवारे जेठ ने ली बहू की जान,पैर न छूने से था नाराज

सामाजिक संगठनों ने किया स्वागत

नूंह पुलिस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और फेसबुक पेज के जरिये लोगों को चेतावनी दी है कि कानून से बड़ा कोई नहीं है। पुलिस ने कहा कि अवैध धन का प्रदर्शन करने वालों और इस तरह की गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में पहले भी नोटों की मालाओं को लेकर विवाद और लूट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसी वजह से पुलिस ने यह अभियान शुरू किया है। मेवात के कई सामाजिक संगठनों और जागरूक लोगों ने पुलिस की पहल का समर्थन करते हुए कहा कि इससे फिजूलखर्ची और झूठी शान की प्रवृत्ति पर रोक लगेगी।

इतिहासकार सिद्दीक अहमद का कहना है कि नोटों की माला का यह चलन गलत है। समाज में इसका गलत संदेश जाता है। बहरहाल, पुलिस ने इसे बन्द करवाने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कंगना रनौत ने अपने मंगलसूत्र और हरी चूड़ियों पर चुप्पी तोड़ी, किया एक वादा

मालाओं में लगी नकदी का स्रोत पूछा जाएगा

पुलिस ने साफ किया है कि भारी मात्रा में नकदी का प्रदर्शन करने वालों से पैसों का हिसाब मांगा जाएगा। यदि नकदी का स्रोत स्पष्ट नहीं हुआ तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच के दायरे में वे लोग भी आएंगे जो किराये पर नकदी की मालाएं उपलब्ध कराते हैं। पुलिस का कहना है कि यह केवल दिखावे का मामला नहीं, बल्कि काले धन और संदिग्ध लेन-देन से भी जुड़ा हो सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, शादी समारोहों में सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की लूटपाट या विवाद की स्थिति पैदा न हो।

साले को नोटों की माला डालने पर भिड़े थे दो जीजा

जिले के गांव नेहदा में साले की शादी में उनको नोटों की माला डालने को लेकर दो जीजा भिड़ गए थे। बारात की रवानगी से पहले ही दो गुटों में झगड़ा हो गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इस घटना के बाद शादी वाले घर में तनाव हो गया था। खुशी के पल गम में तब्दील हो गए थे। उस वक्त काफी सामाजिक संगठनों ने इसका विरोध किया था और दूल्हे को लाखों रुपये की माला डालने के चलन को गलत बताया। इस चलन को तुरंत बंद करवाने के लिए जिला प्रशासन से मांग की थी।

रिपोर्ट - सरसमल

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:प्रेमी से शादी के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ी लड़की, 3 घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।