Suspicious Death of Deepika Nagar Postmortem Report Raises Questions दीपिका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर दस जगह चोट के निशान मिले , Noida Hindi News - Hindustan
More

दीपिका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर दस जगह चोट के निशान मिले

जलपुरा गांव की विवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ, लेकिन शरीर पर दस जगह चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, और पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

Tue, 19 May 2026 08:30 PMNewswrap हिन्दुस्तान, नोएडा
share
दीपिका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर दस जगह चोट के निशान मिले

ग्रेटर नोएडा, ब्रिजेश कुमार। जलपुरा गांव में रविवार की रात तीसरी मंजिल से संदिग्ध हालात में छत से नीचे गिरने से हुई विवाहिता दीपिका नागर की मौत का मामला पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उलझा गया। रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। हालांकि, शरीर पर दस जगह चोट के निशान मिले। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। कुड़ी खेड़ा गांव के रहने वाले संजय नागर ने अपनी 24 वर्षीय बेटी दीपिका नागर का विवाह 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा गांव निवासी रितिक के साथ किया था। पिता संजय के अनुसार शादी में उन्होंने करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद ससुराल वाले लगातार दहेज में एक फॉर्च्यूनर और 50 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। पिता का आरोप है कि दहेज के लिए आरोपियों ने रविवार को उनकी बेटी की हत्या कर घर की तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया था। पुलिस ने इस मामले में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया और पति रितिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तो हम कभी वहां बेटी की शादी नहीं करते; दीपिका के परिजनों ने CM से लगाई गुहार, कर दी इतनी बड़ी मांग

पोस्टमार्टम रिपोर्ट

इस मामले में दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट के अनुसार दीपिका के शरीर पर कई जगह गहरे घाव, सूजन और दबाव के निशान पाए गए हैं। रिपोर्ट में दाहिने चेहरे पर करीब 12 सेंटीमीटर लंबा और नौ सेंटीमीटर चौड़ा गहरा कंट्यूजन मिला है, जो गंभीर चोट की ओर संकेत करता है। इसके अलावा बाएं हाथ की कोहनी पर भी चोट के निशान पाए गए हैं। रिपोर्ट में सबसे गंभीर बाहरी चोट दाहिनी जांघ पर थी। यहां करीब 38 सेंटीमीटर लंबा और 14 सेंटीमीटर चौड़ा गहरा नीला दबाव चिह्न मिला है। वहीं, बाएं घुटने पर हड्डी तक गहरा घाव होने की पुष्टि हुई है। कमर और पेट के निचले हिस्से में भी चोटों के निशान पाए गए हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:किडनी पीली पड़ी, दिमाग में खून के थक्के और कई चोट; दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या आया

पुलिस जांच

रिपोर्ट के मुताबिक मस्तिष्क के मध्य और बाईं ओर रक्त का थक्का यानी हेमेटोमा मिला है। इसके अलावा शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी ब्लिडिंग मिली है। इन चोटों को गंभीर माना जा रहा है और इन्हीं बिंदुओं को आधार बनाकर पुलिस आगे की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम करने वाली टीम ने विषैले पदार्थ की आशंका को देखते हुए बिसरा सुरक्षित किया है।

मौत का कारण

एसीपी राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि दीपिका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर दस जगह चोट के निशान मिले हैं। मौत का कारण पता लगाने के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है, जिसे जल्द गाजियाबाद विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। बिसरा की रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चल सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या और आत्महत्या को लेकर मामला उलझ गया है। पुलिस का दावा है कि बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि दीपिका की मौत कैसे हुई थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दीपिका नागर ने बताई थी झगड़े की बात तो दिन में समझाने पहुंचे थे पिता, रात को मौत; क्या-क्या हुआ था

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।