तो हम वहां कभी बेटी की शादी नहीं करते; परिजनों ने दीपिका के ससुर पर लगाए गंभीर आरोप, की एनकाउंटर की मांग
मृतक की मां सरोज ने भी दीपिका के ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया और कहा कि वो लोग हमारी बेटी को लगातार कार और कैश के लिए परेशान कर रहे थे। बेटी के लिए न्याय की मांग करते हुए मृतक की मां सरोज ने कहा, 'वह बहुत परेशान थी।

नोएडा के जलपुरा गांव में छत से गिरकर हुई दीपिका नागर की मौत के मामले में उसके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और अब उन्होंने इस मामले में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई है। परिजनों ने सीएम से बेटी के ससुराल पर बुलडोजर कार्रवाई करने और साथ ही आरोपियों का एनकाउंटर करने की मांग की है। दीपिका के परिजनों का दावा है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उन्होंने ससुराल वालों पर मारपीट के बाद बेटी को छत से फेंकने का आरोप लगाया। दीपिका के पिता और चाचा ने बेटी के ससुर को भूमाफिया बताया है, जिस पर 20 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
इस बारे में ANI से बात करते हुए मृतका के पिता ने बेटी के ससुर के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया, 'उसका ससुर एक भूमाफिया है, जिसके खिलाफ 20 से ज्यादा मामले लंबित हैं। अगर हमें इस बारे में पहले से पता होता, तो हम बेटी की शादी कभी वहां नहीं करते।' उधर मृतका के चाचा विशेष नागर ने भी कहा कि 'हमें शुरू में इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसके ससुर ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करते हुए संपत्ति बना रखी है।'
पिता बोले पीएम रिपोर्ट में मिले मारपीट के निशान
पिता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दीपिका के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे पता चलता है कि छत से फेंकने से पहले उसके साथ मारपीट की गई थी। साथ ही उन्होंने कहा कि घटना से पहले, उस दिन मैं उनके घर गया था। जब मैं वहां पहुंचा तो बेटी पूरी तरह ठीक थी, लेकिन वहां से आने के आधे घंटे बाद मुझे अनहोनी का फोन आया।
चाचा बोले- शरीर पर कोई फैक्चर नहीं मिला
उधर मृतक के चाचा ने मेडिकल जांच का हवाला देते हुए कहा कि 'दीपिका के शरीर पर कोई फ्रैक्चर नहीं मिला है, बल्कि उसके शरीर पर बहुत सारे निशान मिले हैं, जिन्हें देखकर ऐसा लगता है कि उसके साथ खूब मारपीट की गई थी।' उन्होंने बताया कि 'दीपिका के पेट के पास एक बड़ी चोट भी मिली है, जो कि किसी गोली या चाकू के निशान से मिलती जुलती लग रही है। साथ ही सिर में भी एक बड़ी चोट लगी थी।' साथ ही उन्होंने कहा कि जांच कर्ताओं ने मुझे बताया कि उसके आंतरिक अंग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए थे।'
चाचा की मांग- ऐसे लोगों को मुठभेड़ में मार दिया जाना चाहिए
दीपिका के चाचा ने आगे कहा कि, 'यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है, उसे क्रूरतापूर्वक प्रताड़ित किया गया था। ऐसे में हम मुख्यमंत्री योगी से अपील करते हैं कि इन लोगों को दंडित करें और उनकी संपत्ति को नष्ट कर दें। उन्हें मुठभेड़ में मार दिया जाना चाहिए।' साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि वे उसे (पीड़िता को) पास के अस्पताल में क्यों नहीं ले गए, बल्कि किसी दूर के अस्पताल में ले गए?'
दीपिका की मां ने भी मांगा बेटी के लिए न्याय
मृतक की मां सरोज ने भी दीपिका के ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया और कहा कि वो लोग हमारी बेटी को लगातार कार और कैश के लिए परेशान कर रहे थे। बेटी के लिए न्याय की मांग करते हुए मृतक की मां सरोज ने कहा, 'वह बहुत परेशान थी। मैं असहाय थी क्योंकि उसके ससुराल वालों ने उसे कभी मायके नहीं आने दिया। वे एक कार की मांग कर रहे थे। मेरी बेटी को न्याय मिलना चाहिए।'
बहन ने भी आरोपियों के लिए एनकाउंटर की मांग की
उधर दीपिका की बहन सारिका ने बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले मेरी उससे बात हुई थी। बातचीत की जानकारी देते हुए सारिका ने कहा, 'मैंने रात 11 बजे उससे फोन पर बात की थी, तब उसने बताया था कि वह परेशान है। अगर उसने हमें बताया होता, तो हम उसे घर वापस ला सकते थे। बातचीत के दौरान उसने कहा था कि उसके ससुराल वाले उसे और दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे।' मृतक की बहन ने आगे इस बात की आशंका जताई कि कुछ दिनों में उन्हें जमानत मिल सकती है, साथ ही कहा कि मैं उनका एनकाउंटर चाहती हूं।'
बता दें कि रविवार रात को हुई इस घटना के बाद दीपिका (24) के पति ऋतिक और ससुर मनोज को इकोटेक-3 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही पुलिस ने दीपिका के परिजनों द्वारा उसके ससुर पर लगाए गए आरोपों की जांच करने की बात कही है। दीपिका की शादी करीब डेढ़ साल पहले जलपुरा गांव के निवासी ऋतिक से हुई थी।




साइन इन