Noida kal ka mausam thunderstorm and lightning warning by IMD नोएडा में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी, 90 की स्पीड से चलेंगी हवाएं; भूलकर भी न करें ये गलती, Noida Hindi News - Hindustan
More

नोएडा में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी, 90 की स्पीड से चलेंगी हवाएं; भूलकर भी न करें ये गलती

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को मौसम का प्रभाव सबसे अधिक रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा के झोंके 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।

Thu, 28 May 2026 04:32 PMMohit वार्ता, नोएडा
share
नोएडा में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी, 90 की स्पीड से चलेंगी हवाएं; भूलकर भी न करें ये गलती

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान एवं मौसम अलर्ट के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जनहित में परामर्श जारी कर लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। गुरुवार को सूचना विज्ञप्ति जारी करते हुए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के निर्देश पर जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी ने बताया कि 28 से 31 मई तक प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में व्यापक बदलाव आ सकता है।

उन्होंने बताया कि इस अवधि के दौरान तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, तूफान, ओलावृष्टि और व्यापक वर्षा होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को मौसम का प्रभाव सबसे अधिक रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा के झोंके 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नोएडा की निक्की याद है ना, जिंदा जलाए जाने का दावा करने वाली बहन पलट गई

संभावित खराब मौसम के मद्देनजर

जिला आपदा विशेषज्ञ ने बताया कि गौतमबुद्धनगर जिला को संभावित खराब मौसम के मद्देनजर ऑरेंज जोन में रखा गया है। ऐसे में जनहानि, पशुहानि और संपत्ति के नुकसान से बचने के लिए सभी आवश्यक सावधानियां अपनाना बेहद जरूरी है।

उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि भारतीय मौसम विभाग द्वारा विकसित "दामिनी ऐप" और "सचेत ऐप" को अपने मोबाइल फोन में अवश्य डाउनलोड करें। इन एप के माध्यम से आंधी, तूफान, आकाशीय बिजली और वज्रपात की पूर्व चेतावनी समय रहते प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि समय पर अलर्ट मिलने से लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचकर खुद और अपने परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली एकबार फिर बना तंदूर, तापमान 45 डिग्री के पार; कई इलाकों रही लू की स्थिति

पेड़ों के नीचे न खड़े हों

परामर्श में लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे, मोबाइल टावरों और ऊंचे भवनों के पास शरण लेने से बचने की सलाह दी गई है। बच्चों को खुले में खेलने न देने और लोहे की खिड़कियों, दरवाजों, हैंडपंप और बिजली के उपकरणों को न छूने की हिदायत दी गई है। धातु से बने छाते का इस्तेमाल न करने और खुले वाहनों में यात्रा से बचने को कहा गया है।

वज्रपात के दौरान जमीन पर न लेटने, तालाब, नदी और तैराकी जैसी गतिविधियों से दूर रहने की भी अपील की गई है। मौसम खराब होने पर तुरंत किसी पक्के भवन में शरण लेने की सलाह दी गई है। यदि सुरक्षित स्थान उपलब्ध न हो तो दोनों कान बंद कर पैरों को सटाकर घुटनों के बल उकड़ू बैठने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा घरों में विद्युत उपकरणों को प्लग से अलग करने और खेतों में काम कर रहे लोगों को तुरंत सुरक्षित और सूखे स्थान पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। हाईटेंशन तारों, बिजली के खंभों, पोखरों और कंटीले तारों से दूर रहने को कहा गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में कल का मौसम रहेगा बहुत तूफानी, '80 की स्पीड' वाला अलर्ट डरा रहा

लाइटनिंग अलर्ट का नोटिफिकेशन भेजता है ऐप

जिला आपदा विशेषज्ञ ने बताया कि "दामिनी ऐप" लगभग 20 से 40 किलोमीटर क्षेत्र में संभावित लाइटनिंग अलर्ट का नोटिफिकेशन भेजता है, जबकि "सचेत ऐप" के जरिए मौसम संबंधी जानकारी, विभिन्न आपदाओं का परामर्श और चेतावनी प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने जिलावासियों से आईएमडी द्वारा जारी दैनिक मौसम पूर्वानुमान और चेतावनी का पालन करने और सतर्क रहकर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।