नोएडा मेट्रो के सेक्टर-142 और बोड़ाकी रूट के काम में होगी और देरी, यहां बनेंगे स्टेशन
Noida Metro : नोएडा और ग्रेटर नोएडा में दो नए रूटों पर मेट्रो ट्रेन दौड़ने की राह देख रहे लोगों का इंतजार अब और लंबा होने वाला है। टेंडर के लिए आवेदन करने की डेट बढ़ने से मेट्रो का काम शुरू होने में देरी की संभावना जताई जा रही है।

नोएडा सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन और ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक एक्वा लाइन मेट्रो रूट पर सिविल का निर्माण शुरू होने में और देरी होगी। दरअसल, इनका निर्माण शुरू करने के लिए जारी किए टेंडर में आवेदन करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी गई है। अब एजेंसियां 22 जून तक आवेदन कर सकेंगी। अब तक आवेदन करने की अंतिम तारीख 12 जून थी।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में संबंधित दोनों मेट्रो लाइन का निर्माण शुरू करने की तैयारी है। दोनों मेट्रो लाइन का निर्माण नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) कराएगा।
23 जून को खोला जाएगा टेंडर
एनएमआरसी के अधिकारियों का कहना है कि इस टेंडर में अन्य एजेंसियों ने भी आने की इच्छा जताई है। इस वजह से समय बढ़ाया गया है। अधिक और अच्छी एजेंसियों के आने से मेट्रो लाइन का निर्माण बेहतर होगा। अधिकारियों ने बताया कि अब दोनों मेट्रो लाइन से संबंधित इस टेंडर को 23 जून को खोला जाएगा। अगर टेंडर में आईं एजेंसियां मानकों पर खरी उतरीं तो प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी।
एलिवेटेड बनेंगे मेट्रो के दोनों रूट
अधिकारियों ने बताया कि अगर इस टेंडर में ही एजेंसी का चयन हो जाता है तब भी मौके पर काम शरू होने में चार-पांच महीने का समय लगेगा। अगर दोबारा से टेंडर जारी किया गया तो और अधिक समय लगेगा। काम शुरू होने के बाद पूरा होने में तीन साल का समय लगेगा। अधिकारियों ने बताया कि ये दोनों एक्वा लाइन के एक्सटेंशन रूट हैं। एनएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि दोनों रूट पर निर्माण एलिवेटेड होगा। अधिकारियों ने बताया कि बॉटेनिकल गार्डन और सेक्टर-142 के बीच मेट्रो चलने से लोगों को काफी फायदा होगा।
ये स्टेशन बनने हैं
सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो लाइन : सेक्टर-142 से सेक्टर- 38ए बॉटेनिकल गार्डन तक मेट्रो रूट करीब 11.56 किमी लंबी होगा। इस लाइन पर 8 मेट्रो स्टेशन होंगे इनमें बॉटेनिकल गार्डन, सेक्टर-44, नोएडा ऑफिस सेक्टर-94, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर- 108, सेक्टर-93, और पंचशील बालक इंटर कॉलेज स्टेशन बनेंगे। इसको बनाने में करीब 2254.35 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा।
बोडाकी रूट: एनएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी रेलवे स्टेशन भी नई मेट्रो लाइन बनाई जानी है। इनमें एक जुनपत और दूसरा बोडाकी मेट्रो स्टेशन होगा।
बता दें कि, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में रहने और नौकरी करने वाले लोग काफी समय से इन दोनों रूटों पर मेट्रो ट्रेन चलने का इंतजार कर रहे हैं। इन रूटों पर मेट्रो की सुविधा शुरू होने से सेक्टरों से लेकर आसपास के कई गांवों तक लोगों का सफर और आसान हो जाएगा।




साइन इन