नोएडा एयरपोर्ट का होगा सुपरफास्ट विस्तार, यूपी बजट में सरकार ने खोला खजाना
नोएडा एयरपोर्ट से जल्द व्यावसायिक उड़ानें शुरू होने वाली हैं। इसके विस्तार के लिए 14 गांवों की 1888.98 हेक्टेयर जमीन के अधिग्रहण का रास्ता साफ हो गया है।

उत्तर प्रदेश सरकार के बजट में बुधवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तीसरे और चौथे चरण में होने वाले विकास कार्यों के लिए 750 करोड़ रुपये के बजट की घोषणा हुई। 700 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण और 50 करोड़ रुपये भवन निर्माण के लिए आवंटित किए गए। इससे जेवर में जल्द शुरू होने जा रहे एयरपोर्ट के विस्तार का काम और रफ्तार पकड़ेगा। उधर, गाजियाबाद में नई टाउनशिप हरनंदीपुरम योजना पर भी काम तेज होगा।
किसान जमीन देने को तैयार
नोएडा एयरपोर्ट से अगले कुछ माह में व्यावसायिक विमानों की उड़ानें प्रस्तावित हैं। एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 14 गांव की 1888.98 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण होगा। 4300 रुपये प्रतिकर से मुआवजे की घोषणा के बाद किसान जमीन देने को तैयार हैं।
पहले चरण का काम पूरा
प्रथम चरण में 1334 हेक्टेयर में एयरपोर्ट का निर्माण कार्य शत प्रतिशत पूरा हो चुका है। पहले चरण में कुल 4588 करोड़ की लागत आई है। वहीं, दूसरे चरण की 1365 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण भी कर लिया गया है। परियोजना के तीसरे और चौथे चरण में कुल 2053 हेक्टेयर भूमि चाहिए। इनमें से 14 गांव की 1888.98 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। शेष भूमि प्रशासन के पास पहले से है।
पुनर्वास केंद्र बनाने का रास्ता साफ
नोएडा एयरपोर्ट के दूसरे चरण में विस्थापित होने के वाले परिवारों के लिए पुनर्वास और पुनर्स्थापन केंद्र का रास्ता साफ हो गया ।
दूसरा रनवे बनेगा
परियोजना के तहत दूसरे चरण में 490 एकड़ में दूसरा रनवे बनेगा। इसके अलावा सर्विस रनवे बनेगा और 800 एकड़ में एविएशन इंडस्ट्री लगेगी। एयरपोर्ट परिसर में 2053 हेक्टेयर में दो रनवे और 750 एकड़ में विमानों के इंजन बनाने वाली कंपनी स्थापित होगी।
हरनंदीपुरम को फंड की कमी नहीं
उत्तर प्रदेश के बजट से गाजियाबाद में बन रही नई टाउनशिप हरनंदीपुरम को रफ्तार मिलेगी। प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण और नए शहर प्रोत्साहन योजना के लिए 3,500 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा है। यह टाउनशिप इसी योजना के अंतर्गत तैयार की जा रही है। ऐसे में अब योजना के लिए फंड की कोई कमी नहीं होगी। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण एवं नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत गाजियाबाद में नई टाउनशिप हरनंदीपुरम बसाई जाने की योजना पर काम हो रहा है।
स्मार्ट सिटी के काम में तेजी आएगी
बजट में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं को बड़ी सौगात मिली है। इसमें गाजियाबाद, अयोध्या, गोरखपुर, मथुरा-वृंदावन, मेरठ और शाहजहांपुर समेत अन्य निगमों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई है। नगर निगम गाजियाबाद पहले से ही राज्य स्मार्ट सिटी में शामिल है। निगम ने राज्य स्मार्ट सिटी के तहत शहर में पहले भी कई कार्य कराए हैं। इनमें शहर की यातायात व्यवस्था के सुधार के लिए इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत 41 स्थान पर लगभग 800 आधुनिक कैमरे लगाए हैं।




साइन इन