noida greater noida west metro expansion three new routes botanical garden bodaki update नोएडा में अगले 5 साल में शुरू होंगे मेट्रो के 3 नए रूट, बॉटेनिकल गार्डन से सीधे जुड़ेंगे ये सेक्टर, Ncr Hindi News - Hindustan
More

नोएडा में अगले 5 साल में शुरू होंगे मेट्रो के 3 नए रूट, बॉटेनिकल गार्डन से सीधे जुड़ेंगे ये सेक्टर

नोएडा प्राधिकरण ने अगले पांच वर्षों में शहर की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देने का रोडमैप तैयार कर लिया है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो चलाने के लिए सर्वे और डीपीआर का काम जोरों पर है। इसके अलावा, डिपो स्टेशन से बोड़ाकी तक मेट्रो निर्माण भी अगले 6-7 महीनों में शुरू होने की उम्मीद है।

Fri, 17 April 2026 07:24 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नोएडा
share
नोएडा में अगले 5 साल में शुरू होंगे मेट्रो के 3 नए रूट, बॉटेनिकल गार्डन से सीधे जुड़ेंगे ये सेक्टर

नोएडा ने आज 51वें वर्ष में कदम रख दिया। पांच दशक पहले बसे इस शहर ने कई ऊंचाइयों को छुआ। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का दावा है कि अगले पांच वर्षों में नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट समेत तीन नए रूट पर मेट्रो चलनी शुरू हो जाएगी।

अभी नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी से दिल्ली के द्वारका सेक्टर-21, बॉटेनिकल गार्डन से दिल्ली के कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और नोएडा के सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा के डिपो स्टेशन तक तीन रूट पर मेट्रो चलती है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि अब परिवहन सेवा बढ़ाने को लेकर विशेष तौर पर काम किया जाएगा। सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो रूट का डिटेल डिजाइन सर्वे का काम चल रहा है। अगले दो-तीन महीने में इसके निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया जाएगा। ऐसे में उम्मीद है कि इस वर्ष के अंत तक मेट्रो का काम शुरू हो जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:10 तक सैलरी, दोगुना ओवरटाइम और बोनस; नोएडा आंदोलन से श्रमिकों को क्या-क्या मिला

नोएडा के सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट रूट के लिए भी संशोधित डीपीआर तैयार की जा रही है। जल्द इसको केंद्र सरकार के पास भेज दिया जाएगा। ऐसे में इसके निर्माण की तैयारी भी शुरू हो जाएगी। अगले पांच सालों में दोनों रूट पर मेट्रो चलनी शुरू हो जाएगी। वहीं, ग्रेटर नोएडा में भी डिपो स्टेशन से बोड़ाकी रूट पर मेट्रो का निर्माण भी छह-सात महीने में शुरू करने की तैयारी है।

चिल्ला एलिवेटेड रोड दो वर्षों में तैयार होगा

अधिकारियों ने बताया कि जेवर में एयरपोर्ट शुरू होने पर नोएडा में वाहनों का दबाव बढ़ जाएगा। ऐसे में कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। सेक्टर-16ए फिल्म सिटी का जाम खत्म करने के लिए 5.96 किलोमीटर लंबी चिल्ला एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जा रहा है। यह दिल्ली के मयूर विहार फ्लाईओवर से शुरू होकर नोएडा के महामाया फ्लाईओवर के पास तक बनेगी। यह अगले करीब दो वर्षों में बनकर तैयार हो जाएगी। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की 45 मीटर चौड़ी सड़क में आड़े आ रही जमीन की समस्या का समाधान कर इसको पूरा कराया जाएगा। नोएडा को ग्रेनो से जोड़ने के लिए सेक्टर-146 के सामने हिंडन पर पुल बनाया जा रहा है। यह अगले चार महीने में बनकर तैयार हो जाएगा।

किसानों और फ्लैट खरीदारों की समस्या का समाधान होगा

पहले अमिताभकांत समिति के अंतर्गत लागू पैकेज में खरीदारों को फ्लैट पर कब्जा दिलाया जा रहा और रजिस्ट्री कराई जा रही है। अब कुछ दिन पहले स्पोर्ट्स सिटी की परियोजनओं पर लगी रोक को हटा दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इससे फ्लैट खरीदारों की समस्या का समाधान होगा। इसी तरह किसान भी कई साल से आबादी भूखंड, 64 प्रतिशत मुआवजा समेत अन्य मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं। उम्मीद है कि किसानों की कई मांगों का समाधान हो जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:27 KM लंबा ग्रेनाे का 130 मीटर चौड़ा रोड जेवर एयरपोर्ट-यमुना सिटी से जुड़ेगा

32 हजार से अधिक लोगों के लिए रोजगार का रास्ता खुलेगा

प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि शहर में अब तक एक लाख करोड़ रुपये का निवेश कंपनियां कर चुकी हैं। पिछले पांच वर्षों में 308 आईटी-आईटीईएस कंपनियों को भूखंड आवंटित किए गए, जिनमें से 97 कंपनियां बनकर तैयार हो चुकी हैं। इन कंपनियों ने 46 हजार 903 लोगों को रोजगार दिया या प्रक्रिया चल रही है। अगले कुछ साल में 64 कंपनियों को भूखंड आवंटित किए जाने प्रस्तावित हैं। इसके लिए एमओयू हो चुके हैं। इन कंपनियों के जरिए 32,799 लोगों को रोजगार मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले समय में व्यावसायिक संपत्तियों के जरिए पांच हजार करोड़, संस्थागत से 500 और ग्रुप हाउसिंग से एक हजार करोड़ रुपये का निवेश आने का अनुमान है।

आज सिर्फ हवन होगा

श्रमिकों के आंदोलन के चलते प्राधिकरण का 50 वां स्थापना दिवस फीका पड़ गया। सेक्टर-96 प्राधिकरण के नए दफ्तर समेत अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम पहले ही निरस्त कर दिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि अब 17 अप्रैल को सिर्फ सेक्टर-6 स्थित दफ्तर में सुबह 10 बजे हवन होगा। इस मौके पर 50 किलो का केट काटा जाएगा।

यमुना पुस्ते पर एक्सप्रेसवे प्रस्तावित

अधिकारियों ने बताया कि चिल्ला एलिवेटेड रोड को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-94 यमुना पुस्ते के पास जोड़ा जाएगा। पुस्ते तक छह लेन का एक्सप्रेसवे प्रस्तावित है। डीएनडी से सीधे यमुना पुस्ते तक भी एलिवेटेड रोड बनाने की कवायद चल रही है। मास्टर प्लान रोड नंबर-1 पर सेक्टर-3 रजनीगंधा से सेक्टर-57 चौराहे तक एलिवेटेड रोड बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

सिटी बसें चलाने की तैयारी

अधिकारियों ने बताया कि सिटी बसें भी चलाने की तैयारी है। इसी वर्ष 12 रूट पर 50 ई-बसें चलाने की तैयारी है। इनसे परिवहन सेवा बेहतर हो जाएगी। औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए एक्सप्रेसवे के किनारे और लैंडबैंक बनाकर भूखंडों की योजना लाई जाएगी। आईटी-आईटीईएस भूखंड भी आएंगे।

शहर में नए पार्क बनेंगे

अधिकारियों का कहना है कि शहर में वेदवन पार्क और नोएडा जंगल ट्रेल शुरू हो चुके हैं। अब सेक्टर-95 में जापानी और सेक्टर-62 में डी पार्क का काम चल रहा है। ये पार्क इस साल के अंत तक तैयार हो जाएंगे। हरियाली का दायरा भी बढ़ाया जाएगा। अभी शहर में 750 छोटे-बड़े पार्क और 300 से ज्यादा ग्रीन बेल्ट हैं।

कृष्णा करुणेश, सीईओ, नोएडा, ''बीते 50 वर्षों में नोएडा ने कई क्षेत्रों में नाम कमाया। आने वाले दिनों में इस शहर को और अधिक उंचाइयों पर ले जाएंगे। नगरीय सुविधाओं को और बेहतर किया जाएगा। पर्यावरण को बेहतर करने की योजनाओं पर काम होगा।''

रिपोर्ट : विक्रम शर्मा

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नोएडा-ग्रेनो वेस्ट मेट्रो रूट पर 5 स्टेशन बनाए जाएंगे, 2 नए रूटों की भी योजना
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।