दिल्ली में शुरू होगा नया वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, CM रेखा गुप्ता का ऐलान; इतने लोगों को मिलेगा फायदा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को घोषणा की कि दिल्ली सरकार साल 2026 में चंद्रावल में 105 एमजीडी क्षमता वाला नया वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट चालू करने की तैयारी कर रही है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को घोषणा की कि दिल्ली सरकार साल 2026 में चंद्रावल में 105 एमजीडी क्षमता वाला नया वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट चालू करने की तैयारी कर रही है। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि यह परियोजना शहर की पानी सप्लाई व्यवस्था को मजबूत करने और पीने के पानी की क्वालिटी सुधारने में काफी अहम साबित होगी।
यह प्लांट लगभग 92 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को कवर करेगा, जो दिल्ली के कुल भौगोलिक क्षेत्र का 6.2 प्रतिशत है, और इससे शहर की करीब 11 प्रतिशत आबादी को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट मूल रूप से 2012 में मंजूर हुआ था, लेकिन बार-बार टेंडर रद्द होने और जापानी अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (JICA) के दिशा-निर्देशों का पालन न होने के कारण इसमें वर्षों की देरी हुई।
इस देरी की वजह से परियोजना की लागत में लगभग 400 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ और अब इसके निर्माण पर करीब 599 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके साथ ही सरकार 1,331 करोड़ रुपये की लागत से पुरानी पाइपलाइनों को बदलने का काम भी कर रही है, जिससे करोल बाग, पटेल नगर और सिविल लाइंस समेत नौ विधानसभा क्षेत्रों के निवासियों को फायदा होगा। इस योजना का एक मुख्य लक्ष्य नॉन-रेवेन्यू वॉटर लॉस को वर्तमान के 30-45 प्रतिशत से घटाकर तीन सालों के भीतर 15 प्रतिशत से नीचे लाना है।




साइन इन