New industrial corridor developing plan between tappal bajna in aligarh near jewar airport जेवर एयरपोर्ट के पास बनेगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, अलीगढ़ जिले में खुलेंगे निवेश और रोजगार के द्वार, Ncr Hindi News - Hindustan
More

जेवर एयरपोर्ट के पास बनेगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, अलीगढ़ जिले में खुलेंगे निवेश और रोजगार के द्वार

यमुना सिटी में नोएडा एयरपोर्ट के आगे और टप्पल-बाजना के बीच नया इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र में निवेश और बढ़ेगा। इसका मास्टर प्लान तैयार करने के लिए कंपनी का चयन करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। 

Thu, 21 May 2026 07:03 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
share
जेवर एयरपोर्ट के पास बनेगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, अलीगढ़ जिले में खुलेंगे निवेश और रोजगार के द्वार

उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास करीब 8 हजार हेक्टेयर में नया औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करने की तैयारी है। इसमें उद्योग, आवास, व्यावसायिक समेत मिक्स लैंड यूज से जुड़ी गतिविधियां होंगी। इसके मास्टर प्लान के लिए कंपनी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के अधिकारी ने बताया कि यमुना सिटी के अधिसूचित क्षेत्र में करीब 4750 हेक्टेयर में नोएडा एयरपोर्ट विकसित होगा। इससे आगे टप्पल-बाजना अर्बन सेंटर विकसित होना है। यहां पर लॉजिस्टिक हब विकसित करने की योजना है। टप्पल में जमीन का सर्वे हो चुका है। अब अलीगढ़ प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है। एयरपोर्ट और टप्पल-बाजना अर्बन नोड के बीच में करीब 8 हजार हेक्टेयर अधिसूचित क्षेत्र है। इस क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा अलीगढ़ जिले में है। यहां नया औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नोएडा एयरपोर्ट के पास चीन की तर्ज पर 3 सेक्टरों में बनेंगे बिजनेस सेंटर

यह क्षेत्र नोएडा एयरपोर्ट के नजदीक है और यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे है। ऐसे में यहां पर औद्योगिक के साथ आवासीय, व्यावसायिक समेत मिक्स लैंड यूज से जुड़ी गतिविधियां भी विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। अधिकारियों की मानें तो एयरपोर्ट नजदीक होने के चलते यहां तेजी से होटल बन सकेंगे। इस कॉरिडोर की प्लानिंग बनाने के लिए एक्सपर्ट एजेंसी का चयन किया जाएगा। जल्द ही इसके लिए आरएफपी निकाली जाएगी।

कंपनियां निवेश के लिए तैयार

नोएडा एयरपोर्ट आने के बाद क्षेत्र में तेजी से औद्योगिक भूखंडों की मांग बढ़ी है। इस मांग को पूरा करने के लिए इस कॉरिडोर को विकसित किया जाएगा, ताकि यहां आने वाली कंपनियों को जमीन दी जा सके। एयरपोर्ट के चलते यहां पर देसी-विदेशी कंपनियां निवेश करने के लिए तैयार हैं। इसको देखते हुए यीडा ने यह योजना बनाई है। यह एरिया एयरपोर्ट के पास होने के साथ-साथ यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे है, जो इसे बेहतर कनेक्टिविटी देगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नोएडा एयरपोर्ट से जुड़ेगी एक और सड़क, एनएच-24 के जरिए जुड़ेगा गाजियाबाद

130 मीटर चौड़ी सड़क का विस्तार होगा

ग्रेटर नोएडा की 130 मीटर चौड़ी सड़क को नोएडा एयरपोर्ट तक विकसित किया जाना है। इससे आगे इसे प्रस्तावित पलवल-खुर्जा मार्ग से भी जोड़ा जाएगा। इस सड़क को और आगे बढ़ाकर औद्योगिक कॉरिडोर तक ले जाया जाएगा। इसके अलावा यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे 60 मीटर चौड़ी रोड सबौता तक प्रस्तावित है। इस रोड को भी इस कॉरिडोर तक ले जाने के लिए सुझाव मांगे जाएंगे। इन दोनों सड़कों के बनने से कॉरिडोर की कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी।

आरके सिंह, सीईओ, यीडा, ''यमुना सिटी में नया औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आगे और टप्पल-बाजना के बीच यह कॉरिडोर विकसित होगा। इसका मास्टर प्लान तैयार करने के लिए कंपनी का चयन करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इससे क्षेत्र में निवेश और बढ़ेगा।''

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नोएडा एयरपोर्ट पर ‘अकासा’ 16 जून से शुरू करेगी उड़ानें, जानें रूट, टाइम व किराया
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।