दिल्ली में केशोपुर डिपो से हैदरपुर तक बनेगा नया फ्लाईओवर, इन इलाकों में घटेगा जाम
राजधानी दिल्ली के सबसे व्यस्ततम मार्गों में शामिल बाहरी रिंग रोड पर रोजाना लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए पीडब्ल्यूडी एक नया फ्लाईओवर बनाएगा। दिल्ली सरकार ने इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

राजधानी दिल्ली के सबसे व्यस्ततम मार्गों में शामिल बाहरी रिंग रोड पर रोजाना लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए पीडब्ल्यूडी एक नया फ्लाईओवर बनाएगा। दिल्ली सरकार ने केशोपुर डिपो के पास स्थित आईएफसी सप्लीमेंट्री ड्रेन से हैदरपुर तक नए फ्लाईओवर के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रस्तावित फ्लाईओवर से केशोपुर, हैदरपुर, पंजाबी बाग, पीतमपुरा के लाखों यात्रियों को जाम से राहत मिलेगी।
पीडब्ल्यूडी के अनुसार, यह परियोजना बाहरी रिंग रोड पर मौजूद प्रमुख बॉटलनेक्स को दूर करेगी। इसके बनने से उत्तर, बाहरी और उत्तर- पश्चिम दिल्ली के बीच आवाजाही व्यवहार्यता अध्ययन के लिए कंसल्टेंसी सेवाओं को भी मंजूरी दे दी है। एजेंसी अध्ययन के दौरान यातायात के दबाव, डिजाइन, पर्यावरणीय प्रभाव और दीर्घकालिक स्थिरता जैसे सभी पहलुओं का गहन मूल्यांकन करेगी, ताकि परियोजना भविष्य की जरूरतों के अनुरूप और बिना किसी देरी के क्रियान्वित हो सके।

इस परियोजना के बारे में दिल्ली के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि यह फ्लाईओवर दिल्ली के उन लाखों नागरिकों की रोजमर्रा की परेशानियों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है, जो वर्षों से ट्रैफिक जाम झेल रहे हैं। केशोपुर, हैदरपुर, पंजाबी बाग, पीतमपुरा, शालीमार बाग और पूरी रोहिणी बेल्ट पर ट्रैफिक का भारी दबाव है। मंत्री ने कहा कि व्यवहार्यता अध्ययन पूरा होने के बाद यह परियोजना तेजी से क्रियान्वयन के चरण में प्रवेश करेगी। इससे बाहरी रिंग रोड के सभी प्रमुख चोक-पॉइंट्स का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा। यह परियोजना दिल्ली की दीर्घकालिक ट्रैफिक प्रबंधन एवं शहरी विकास नीति के अनुरूप होगी। दिल्ली सरकार के योजनाबद्ध इंफ्रास्ट्रक्चर, जाम मुक्त सड़कों और जवाबदेह शासन के प्रति प्रतिबद्धता को यह परियोजना रेखांकित करती है।
'दिल्ली को जाम से स्थायी राहत दिलाएंगे'
प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में सरकार पहले ठोस योजना, फिर तेज क्रियान्वयन और स्थायी समाधान की तरफ बढ़ रही है। अब अधूरी और जल्दबाजी में बनाई गई परियोजनाओं का दौर खत्म हो चुका है। बाहरी रिंग रोड से जुड़ा हर बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट तकनीकी मजबूती, पारदर्शिता और सख्त समयसीमा के आधार पर ही आगे बढ़ेगा, ताकि दिल्ली को जाम से स्थायी राहत मिल सके।




साइन इन