मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर एनडीए दिखाएगा ताकत
एनडीए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के 12 साल पूरे होने पर एक अहम बैठक करेगा। इस बैठक में मोदी को बधाई देने के साथ-साथ देश की जनता का आभार व्यक्त किया जाएगा। लगभग 72 नेता बैठक में शामिल होंगे और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू एक प्रस्ताव रखेंगे।

केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के 12 साल पूरे होने पर अहम बैठक करने जा रहा है। बैठक के जरिए एनडीए अपनी ताकत दिखाएगा। बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया जाएगा, जिसमें मोदी को बधाई देने के साथ देश की जनता का आभार जताया जाएगा। दिल्ली के भारत मंडपम में बुधवार को दोपहर तीन बजे होने वाली इस बैठक में एनडीए भविष्य के लिए भी अपनी एकजुटता प्रदर्शित करेगा।
बैठक में शामिल नेता
बैठक में लगभग 72 नेताओं के हिस्सा लेने की संभावना है। बैठक में देश भर में एनडीए के घटक दलों के नेताओं के साथ एनडीए के मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री भी हिस्सा लेंगे। एनडीए में इस समय छोटे बड़े लगभग चालीस दल हैं। बैठक में केंद्र सरकार के प्रमुख मंत्री भी मौजूद रहेंगे। सूत्रों के अनुसार बैठक में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगुदेशम के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू एक प्रस्ताव रखेंगे और अन्य सहयोगी दलों के नेता इस प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। इस प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पिछले बारह साल की उपलब्धियों का जिक्र किया जाएगा।
पूजा अर्चना का आयोजन
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में 12 साल पूरे करने के साथ ही पंडित जवाहर लाल नेहरू का निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सबसे लंबे समय तक काम करने का रिकार्ड भी तोड़ दिया है। पंडित जवाहर लाल नेहरू ने 13 मई 1952 को पहले चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और 27 मई 1964 तक लगातार 4397 दिन प्रधानमंत्री रहे थे। निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी ने 4399 दिन पूरे कर लिए हैं। इससे पहले मोदी ने 25 जुलाई 2025 को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के लगातार 4077 दिनों तक प्रधानमंत्री के कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा था। इस बीच बुधवार को सारे मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को सेवा कार्य में जुटने के निर्देश दिए गए हैं। इस क्रम में सभी सांसद और विधायक अपने अपने क्षेत्रों के मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थल जाएंगे और प्रधानमंत्री मोदी के स्वास्थ्य और बेहतरी के लिए प्रार्थना और पूजा पाठ करेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन