मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर शक्ति प्रदर्शन, NDA शासित राज्यों के CMs का महाजुटान; क्या है प्लान?
देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने 13 मई 1952 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। नेहरू लगातार 4397 दिन यानी 12 साल 14 दिन तक प्रधानमंत्री रहे थे। वहीं मोदी ने 9 जून, 2026 को सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री का नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) बुधवार यानी 10 जून को एक भव्य आयोजन की तैयारी कर रहे हैं। इस मौके पर न केवल NDA का शक्ति प्रदर्शन होगा बल्कि गठबंधन प्रधानमंत्री मोदी के नाम दर्ज हुए एक नए ऐतिहासिक रिकॉर्ड का जश्न भी मनाने वाला है। दरअसल, पीएम मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के नाम से दर्ज एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड को तोड़ दिया है और आजाद भारत के इतिहास में वह अब सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं।
इससे पहले यह रिकॉर्ड पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम था, जिन्होंने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4397 दिनों का कार्यकाल पूरा कर रिकॉर्ड बनाया था। उस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए पीएम मोदी ने अब बतौर प्रधानमंत्री के रूप में 4399 दिन (12 साल 16 दिन) का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर कुल 8932 दिनों से अधिक समय तक सत्ता में रहकर उन्होंने पवन चामलिंग का सबसे लंबे समय तक पद पर रहने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।
13 मई 1952 को पहली बार प्रधानमंत्री बने थे नेहरू
भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने 13 मई 1952 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। नेहरू लगातार 4397 दिन यानी 12 साल 14 दिन तक प्रधानमंत्री रहे थे। वहीं मोदी ने 9 जून, 2026 को सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री का नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया। निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी ने 4398 दिन यानी 12 साल 15 दिन पूरे कर लिए हैं। वहीं नरेंद्र मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। 9 जून 2024 को उन्होंने तीसरी बार पीएम पद संभाला था।
भारत मंडपम में जुटेगा NDA कुनबा
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में कल, यानी 10 जून (बुधवार) को दिल्ली के भारत मंडपम में दोपहर 3:00 बजे एनडीए की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में एनडीए शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री और गठबंधन के दिग्गज नेता शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में टीडीपी प्रमुख और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू एक विशेष प्रस्ताव रखेंगे, जिसमें पिछले 12 वर्षों की सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का जिक्र किया जाएगा। इस जश्न के मौके पर गठबंधन के अन्य सहयोगी दलों के नेता इस प्रस्ताव का समर्थन कर गठबंधन की एकजुटता का परिचय देंगे।
मंदिरों में प्रार्थना और 'प्रगति पथ' पर संवाद
मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर जहां दिल्ली में राजनीतिक सरगर्मी होगी, वहीं देश भर के सांसद, विधायक और केंद्रीय मंत्री 'सेवा कार्य' में जुटेंगे। इसके अलावा भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता अपने-अपने क्षेत्रों के मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर जाएंगे और प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और देश सेवा में उनके दीर्घायु होने के लिए विशेष पूजा-अर्चना और प्रार्थना करेंगे।
प्रगति पथ यात्रा की शुरुआत
कल से ही 'प्रगति पथ यात्रा' की शुरुआत हो रही है, जिसके तहत नेता महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का दौरा करेंगे। वे जनता के बीच जाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस और सम्मेलन करेंगे, ताकि बीते 12 वर्षों के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाया जा सके। यह मेगा आयोजन एनडीए की एकजुटता दिखाने के साथ-साथ 'मोदी गारंटी' और उनके 12 साल के शासन के प्रति जनता के विश्वास को और मजबूत करने का एक बड़ा जरिया बनेगा।




साइन इन