बंगाल: जमीन हड़पने के मामले में कई स्थानों पर ईडी का छापा
कोलकाता पुलिस के पूर्व डीसीपी और पप्पू सोनार से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी कोलकाता,

कोलकाता पुलिस के पूर्व डीसीपी और पप्पू सोनार से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी कोलकाता, एजेंसी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। यह तलाशी कोलकाता पुलिस के पूर्व डीसीपी शांतनु सिन्हा बिस्वास और अपराधी बिस्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच का हिस्सा है। इन दोनों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
9 जगहों पर छापेमारी
अधिकारियों ने बताया कि कुल नौ जगहों पर छापेमारी की गई है। इनमें कोलकाता के कस्बा, चक्रबेरिया और रॉयड स्ट्रीट इलाके शामिल हैं, साथ ही मुर्शिदाबाद के कांडी में स्थित बिस्वास का पुश्तैनी घर भी शामिल है।
तलाशी का विवरण
जिन जगहों पर तलाशी हो रही है, उनमें मोहम्मद अली उर्फ मैक्स राजू, बिस्वास के भतीजे सौरव अधिकारी और बिस्वास के एक करीबी सहयोगी रुहिल अमीन अली के ठिकाने शामिल हैं। रुहिल अमीन अली कोलकाता पुलिस में सब-इंस्पेक्टर हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि सोना पप्पू और बिस्वास से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर ये नई छापेमारी शुरू की गई है। ये दोनों फिलहाल ईडी की हिरासत में हैं। इन लोगों ने कथित तौर पर जमीन के अवैध लेन-देन और वित्तीय सौदों में मदद की है। दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
कारोबारी के घर, एक होटल की भी तलाशी
ईडी अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कोलकाता के चक्रबेरिया इलाके में एक कारोबारी के घर की तलाशी ली, जिसे पोद्दार का करीबी माना जाता है। ईडी की एक टीम ने रॉयड स्ट्रीट इलाके में एक होटल के मैनेजर से पूछताछ करने के बाद वहां भी तलाशी ली। होटल के मालिक को भी जांचकर्ताओं के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
कस्बा इलाके में, ईडी के अधिकारियों ने कोलकाता पुलिस के एसआई रुहिल अमीन अली के घर पर छापा मारा। अली बिस्वास की पत्नी से जुड़े कारोबारी उपक्रमों से जुड़े थे।
ताला तोड़कर घुसे
मुर्शिदाबाद जिले की कांडी नगरपालिका के वार्ड नंबर 8 में स्थित बिस्वास के पुश्तैनी घर पर भी तलाशी ली गई है। इस घर में उनकी बहन गौरी सिन्हा बिस्वास रहती हैं, जो नगर निकाय की उपाध्यक्ष भी हैं। ईडी अधिकारियों ने बताया कि यह घर लगभग एक हफ्ते से बंद था। शुक्रवार सुबह करीब दो घंटे इंतजार करने के बाद ईडी के अधिकारियों ने ताला तोड़कर तलाशी अभियान चलाया। ईडी ने 18 मई को पूछताछ के बाद पोद्दार को गिरफ्तार किया था। बिस्वास को पिछले हफ्ते हिरासत में लिया गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन