बुलडोजर भी चालू हो गया है, अब ED रेड होगी; शुभेंदु अधिकारी के मंत्री ने किसे दे दी वॉर्निंग
शुक्रवार को ही ईडी ने पूर्व डीसीपी शांतनु सिन्हा के ठिकानों पर रेड की है। ईडी ने बुधवार को IAS अधिकारी अंसार शेख से पूछताछ की थी। यह पूछताछ झाड़ग्राम जिले और आसपास के इलाकों में नदी से कथित अवैध रेत खनन और तस्करी की जांच के सिलसिले में की गई थी।

पश्चिम बंगाल में मंत्री दिलीप घोष ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कड़ी चेतावनी दे दी है। शुक्रवार को उन्होंने कहा है कि राज्य में ED यानी प्रवर्तन निदेशालय की रेड होने जा रहीं हैं। साथ ही उन्होंने कहा है कि इससे पहले बुलडोजर कार्रवाई भी शुरू हो चुकी है। खास बात है कि सुबह ही ED ने जबरन वसूली रैकेट मामले में पूर्व पुलिस अधिकारी शांतनु सिन्हा के ठिकानों पर छापेमारी की है।
घोष ने कहा, 'ED का रेड होगा, NIA का रेड होगा और लोकल पुलिस भी रेड करेगी। क्योंकि जितने भी यहां भ्रष्टाचार हुए। बालू को लेकर, कोयला को लेकर, सरकारी जमीन घोटाला है, दूसरे लोगों का प्रॉपर्टी लूटा गया है। ये सारी चीजों की जांच होगी। आप देख ही रहे हैं कि बुलडोजर चालू हो गया है। ये सब चलेगा।'
खबरें ये भी हैं कि कोलकाता नगर निगम की तरफ से सांसद अभिषेक बनर्जी को नोटिस भेजा गया है, जिसमें उनसे संपत्तियों की जानकारी जमा करने के लिए कहा गया है।
TMC हुई सक्रिय
मंगलवार को टीएमसी ने कहा कि पार्टी भाजपा की बुलडोजर नीति के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी। इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास पर बैठक भी हुई थी, जिसमें टीएमसी सुप्रीमो ने कहा था कि छोटे विक्रेताओं की दुकानें बुलडोजर से तोड़ी जा रही हैं। यह सरकार हमारे संवैधानिक आदर्शों और मूल्यों का मजाक उड़ा रही है।
IAS अधिकारी से हुई पूछताछ
ईडी ने बुधवार को IAS अधिकारी अंसार शेख से पूछताछ की थी। यह पूछताछ झाड़ग्राम जिले और आसपास के इलाकों में नदी से कथित अवैध रेत खनन और तस्करी की जांच के सिलसिले में की गई थी। अधिकारियों ने बताया कि करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़ी संदिग्ध वित्तीय अनियमितताओं को भी जांच में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि शेख पश्चिम बंगाल कैडर के 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वह एजेंसी के दूसरे समन पर सुबह साल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी अधिकारियों के सामने पेश हुए।
सोना पप्पू की हिरासत 10 दिन बढ़ी
बिस्वजीत पोद्दार उर्फ 'सोना पप्पू' को मंगलवार को ईडी की 10 दिनों की हिरासत में भेजा गया है। उसपर जमीन हड़पने और जबरन वसूली के आरोप हैं। ईडी के अधिवक्ता ने पोद्दार की हिरासत का अनुरोध करते हुए कहा कि आरोपी एक ऐसे गिरोह का अभिन्न हिस्सा था, जिसके संबंध में कोलकाता के पुलिस उपायुक्त शांतनु सिन्हा विश्वास और बिल्डर जय कामदार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
घुसपैठियों पर भी सख्त सरकार
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि राज्य में पकड़े गए बांग्लादेशी घुसपैठियों को अदालतों में पेश करने के बजाय सीधे सीमा सुरक्षा बल को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा, 'कल से नया नियम लागू हो गया है, जिसके तहत घुसपैठियों को अदालतों में नहीं भेजा जाएगा, बल्कि बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ को सौंप दिया जाएगा।'
पीटीआई भाषा के अनुसार, मुख्यमंत्री ने उस अधिनियम का नाम नहीं बताया जिसके दायरे में बंगाल की नव निर्वाचित भाजपा सरकार ने घुसपैठियों पर मुकदमा चलाने के लिए यह नीतिगत बदलाव किया है। हालांकि, ऐसा प्रतीत होता है कि शुभेंदु पिछले वर्ष अप्रैल में संसद द्वारा पारित आव्रजन और विदेशी अधिनियम, 2025 का जिक्र कर रहे थे।




साइन इन