गर्मी में दोपहर एक से चार बजे तक काम नहीं करेंगे श्रमिक : रेखा गुप्ता
दिल्ली सरकार ने गर्मी को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। श्रमिकों को दोपहर 1 से 4 बजे तक आराम करने की सुविधा मिलेगी। सभी स्कूलों में पानी, पंखे और गर्मी से बचाव की व्यवस्था की जाएगी। डीटीसी बसों में ठंडे पानी की व्यवस्था की जाएगी, और स्वास्थ्य सेवाएं आपात स्थिति के लिए तैयार रहेंगी।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी में बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इसके तहत दिल्ली में श्रमिकों को दोपहर एक से चार बजे तक आराम करने की सुविधा मिलेगी। इस अवधि में वह काम नहीं करेंगे और इसके लिए उनके पैसे भी नहीं कटेंगे। उनके लिए पीने के ठंडे पानी और आराम के लिए छांव का बंदोबस्त करना अनिवार्य होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विभिन्न मंत्रालयों एवं विभाग भी गर्मी को लेकर विशेष रूप से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सभी मंत्रालयों एवं विभागों को लगातार बढ़ रही गर्मी को ध्यान रखते हुए काम करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि गर्मी के चलते लोगों को परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों में पर्याप्त पानी, पंखे और गर्मी से बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। हर बच्चे को स्कूल से छुट्टी से पहले ओआरएस का घोल पिलाकर ही भेजा जाएगा, ताकि घर लौटते समय उसे गर्मी से राहत मिल सके।उन्होंने बताया कि सभी डीटीसी बसों में कोल्ड बॉक्स के जरिए ठंडे पानी की व्यवस्था की जाएगी ताकि यात्रा कर रहे किसी भी व्यक्ति को जरूरत पड़ने पर तुरंत पानी मिल सके। इसके अलावा बस शेल्टरों के पास भी पानी के काउंटर लगाए जाएंगे, जहां ठंडा पानी और ओआरएस का घोल निशुल्क उपलब्ध रहेगा।मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी मंत्रालयों को अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े लोगों तक ये दिशानिर्देश पहुंचाने और सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली नगर निगम और पीडब्ल्यूडी को भी साफ-सफाई कर्मियों और निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह तैयार हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी अस्पतालों में दवाइयों और आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।बिजली-पानी की आपूर्ति नहीं होगी प्रभावितमुख्यमंत्री ने बताया कि बिजली और जल विभाग को अलर्ट मोड में रखा गया है ताकि पूरे शहर में बिजली और पानी की आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी रहे। पानी के सभी संसाधनों को भी पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा। इसके साथ ही फायर विभाग को भी आग की घटनाओं से निपटने के लिए तैयार किया गया है। क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल्स के साथ हर घटना स्थल पर तेजी से पहुंच रहा है और न केवल घटनाओं पर काबू पाया जा रहा है, बल्कि उनकी रोकथाम के लिए भी लगातार काम किया जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन