हंता वायरस प्रभावित क्रूज स्पेन पहुंचा, यात्रियों की निकासी शुरू
संदेश::: कुछ नए तथ्य जोड़े गए हैं ------------------------------------------ - 42 दिन के क्वारंटीन

टेनरिफ (स्पेन), एजेंसी। हंता वायरस की चपेट में आए क्रूज एमवी होंडियस रविवार को स्पेन के कैनरी द्वीप टेनरिफ पहुंच गया। इसके पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद निकासी अभियान भी शुरू कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छोटे लॉन्च नौकाओं के जरिये यात्रियों को किनारे तक लाया गया। स्पेनिश अधिकारियों, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और क्रूज कंपनी ने कहा कि क्रूज पर मौजूद 140 से अधिक यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में फिलहाल किसी में भी वायरस के लक्षण नहीं पाए गए हैं। हालांकि डब्ल्यूएचओ ने क्रूज के सभी यात्रियों के लिए रविवार से 42 दिन के क्वारंटीन की सिफारिश की है। उधर, स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि सबसे पहले स्पेनिश नागरिकों को क्रूज से उतारा जा रहा है। प्रत्येक छोटी नाव में पांच से दस लोगों को लाया जा रहा है। यह क्रूज 6 मई को केप वर्डे से रवाना हुआ था और रविवार सुबह टेनरिफ पहुंचा। हंता की चपेट में आने से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि क्रूज से उतर चुके पांच यात्री हंता वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार क्रूज से उतरने वाले सभी लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है और उन्हें उनके देशों के लिए तैयार निकासी उड़ानों के माध्यम से भेजा जाएगा। अधिकारियों और डब्ल्यूएचओ के अनुसार निकासी अभियान रविवार और सोमवार के बीच पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, क्रूज एमवी होंडियस से निकाले गए यात्रियों और चालक दल को लेकर पहला विमान रविवार को स्पेन के कैनरी द्वीप समूह से रवाना हो गया।
यात्रियों को क्वारंटीन किया जाएगा
स्पेनिश नागरिकों को मेडिकल सुविधा में ले जाकर क्वारंटीन किया जाएगा। क्रूज कंपनी के अनुसार क्रूज पर 13 स्पेनिश यात्री और एक स्पेनिश चालक दल सदस्य मौजूद हैं। अमेरिका, ब्रिटेन और नीदरलैंड ने अपने नागरिकों को निकालने के लिए विशेष विमान भेजने पर सहमति जताई है। अमेरिकी नागरिकों को नेब्रास्का स्थित मेडिकल सेंटर में क्वारंटीन किया जाएगा। वहीं, फ्रांस अपने पांच नागरिकों को वापस ले जाकर 72 घंटे अस्पताल में निगरानी के बाद 45 दिन घर में क्वारंटीन रखेगा। ऑस्ट्रेलिया ने भी अपने नागरिकों और न्यूजीलैंड जैसे पड़ोसी देशों के लोगों को निकालने के लिए विमान भेजा है, जो सोमवार को पहुंचने की संभावना है।
टेनरिफ पहुंचे डब्ल्यूएचओ प्रमुख
डब्ल्यूएचओ प्रमुख टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस निकासी अभियान की निगरानी के लिए टेनरिफ पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि डब्ल्यूएचओ विशेषज्ञ स्पेनिश स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ मिलकर यात्रियों की जांच कर रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन