प्रधानमंत्री ने पिछले 12 वर्षों में शासन को जनसेवा का माध्यम बनाया है: रेखा गुप्ता
नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के

नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने शुक्रवार को संयुक्त पत्रकार वार्ता कर सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। दोनों नेताओं ने इसे विश्वास, विकास और जनसेवा के 12 वर्ष बताते हुए कहा कि इस अवधि में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
सरकार की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 वर्षों में शासन को जनसेवा का माध्यम बनाया है।
उन्होंने कहा कि 12 वर्षों का विकास, 12 वर्षों का विश्वास और 12 वर्षों का जनसेवा का संकल्प देश के 140 करोड़ नागरिकों तक पहुंचा है। उनके अनुसार भारत ने खेत-खलिहान से लेकर चंद्रयान तक और गांव की चौपाल से लेकर वैश्विक मंचों तक अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
डिजिटल इंडिया और आर्थिक विकास
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश का मेट्रो नेटवर्क 248 किलोमीटर था, जो बढ़कर 1,095 किलोमीटर से अधिक हो चुका है। डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने देश को नई दिशा दी है। इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन में छह गुना वृद्धि हुई है और भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फोन विनिर्माता बन चुका है। सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 1.64 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश और उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के माध्यम से रोजगार और विनिर्माण को नई गति मिली है।
समाज का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 58 करोड़ से अधिक जनधन खाते, 11 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि, 11 करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला योजना का लाभ और 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।
दिल्ली के विकास कार्य
दिल्ली से जुड़े विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार ने राजधानी में सड़क, मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में बड़े निवेश किए हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली में लगभग 400 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क का विस्तार किया गया है और 180 किलोमीटर अतिरिक्त विस्तार पर काम चल रहा है। आर.के. आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक लगभग 10 किलोमीटर लंबे नए मेट्रो कॉरिडोर को मंजूरी दी गई है, जिससे भारत मंडपम, इंडिया गेट और केंद्रीय सचिवालय जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को बेहतर संपर्क मिलेगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, द्वारका एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी, अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं ने राजधानी के यातायात ढांचे को मजबूत किया है। इसके अलावा दिल्ली को 4,550 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं और 6,130 अतिरिक्त बसों की मंजूरी दी गई है।
निर्माण की गति
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष जनविश्वास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण की गति लगभग तीन गुना बढ़ी है। जहां पहले प्रतिदिन 12 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग बनते थे, वहीं अब यह आंकड़ा 32 किलोमीटर प्रति दिन तक पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बनने वाले नए राजमार्ग यातायात जाम कम करने, समय बचाने और प्रदूषण घटाने में मदद करेंगे। मल्होत्रा ने दावा किया कि अक्षरधाम से बदरपुर तक की यात्रा 15 मिनट और पंजाबी बाग से टिकरी बॉर्डर तक की यात्रा 30 मिनट में पूरी हो सकेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन