Dangerous stunts performed by high-speed cars on Delhi roads, video goes viral दिल्ली में बीच सड़क लड़कों ने की स्टंटबाजी, तेज रफ्तार में लहराते हुए भगाईं गाड़ियां; VIDEO, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में बीच सड़क लड़कों ने की स्टंटबाजी, तेज रफ्तार में लहराते हुए भगाईं गाड़ियां; VIDEO

वीडियो में कारों में सवार लड़के न केवल रेस लगाते दिखते हैं, बल्कि चलती गाड़ियों की सनरूफ से बाहर खड़े होकर चीखते-चिल्लाते भी नजर आते हैं। लहराती हुई गुजरतीं तेज रफ्तार वाली गाड़ियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Sun, 28 Dec 2025 12:27 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली में बीच सड़क लड़कों ने की स्टंटबाजी, तेज रफ्तार में लहराते हुए भगाईं गाड़ियां; VIDEO

राजधानी दिल्ली की सड़कों पर एक बार फिर रफ्तार और रोमांच के नाम पर कानून को ठेंगा दिखाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ लड़के तेज रफ्तार कारों में खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कारों में सवार लड़के न केवल रेस लगाते दिखते हैं, बल्कि चलती गाड़ियों की सनरूफ से बाहर खड़े होकर चीखते-चिल्लाते भी नजर आते हैं। लहराती हुई गुजरतीं तेज रफ्तार वाली गाड़ियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि कारें ITO से नोएडा की ओर जा रही हैं और इस दौरान वे ट्रैफिक के बीच लहराती हुई दौड़ती हैं। कई बार अचानक लेन बदलना, तेज कट मारना और दूसरी गाड़ियों से चिपकाकर ओवरटेक करने जैसी हरकतें साफ दिखाई देती हैं। यह लापरवाही न सिर्फ स्टंट करने वालों की, बल्कि सड़क पर चल रहे आम लोगों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बन सकती थी।

जब वीडियो एक्स पर तेजी से वायरल हुआ, तो दिल्ली पुलिस ने इस पर एक्शन लिया। एक यूजर द्वारा कार्रवाई की मांग किए जाने पर दिल्ली पुलिस ने जवाब दिया, “धन्यवाद, संबंधित एरिया ट्रैफिक इंस्पेक्टर को इंफॉर्म कर दिया गया है।” पुलिस ने बताया कि फिलहाल वीडियो की जांच की जा रही है और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर लोगों का गुस्सा भी साफ नजर आया। कई यूजर्स ने लड़कों के “कॉमन सेंस” पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की हरकतों से किसी की भी जान जा सकती थी। एक यूजर ने लिखा, “मस्ती के नाम पर जान जोखिम में नहीं डालनी चाहिए।”

इस तरह के स्टंट के मामले हाल के दिनों में लगातार सामने आ रहे हैं। इससे पहले दिसंबर की शुरुआत में उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एनएच-9 पर एक बाइक पर पांच लड़कों द्वारा खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में पुलिस ने ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर 31 हजार रुपये का चालान किया था।

इसी साल जून में पूर्वी दिल्ली के यमुना विहार इलाके में एक युवक ने रॉयल एनफील्ड बुलेट से डीटीसी बस के सामने खतरनाक स्टंट किए थे। पुलिस ने वीडियो के आधार पर न सिर्फ आरोपी को ट्रेस किया, बल्कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उसकी बाइक को स्क्रैप भी कर दिया था।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।