दिल्ली में मौसम बदलेगा; वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के बाद बढ़ेगा तापमान, 13 फरवरी तक का हाल
Delhi Weather Forecast: दिल्ली में मौसम बदलने वाला है और 8 फरवरी से पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना है। उत्तर पश्चिमी भारत में इसका असर दिखेगा जिससे दिल्ली का तापमान बढ़ने लगेगा। बढ़ती गर्मी सर्दी की विदाई का संकेत दे रही है।

दिल्ली में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 8 फरवरी से हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इस वेदर सिस्टम के चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसका प्रभाव उत्तर पश्चिमी भारत पर भी देखा जाएगा। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में ही बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। संकेत सर्दी की विदाई के भी लग रहे हैं।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के साथ बदलेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि 8 फरवरी को एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पहाड़ों पर दस्तक देगा। इससे चोटियों पर मौसम बिगड़ जाएगा। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के साथ ही दिल्ली एनसीआर में भी मौसम में बदलाव दिखेगा। इस दिन दिल्ली के साथ ही एनसीआर में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से सर्द हवाएं चलने की संभावना जताई है। इस दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान के 9 से 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग की मानें तो 9 फरवरी से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, 9 फरवरी को दिल्ली में अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। मौसम विभाग ने 10 और 11 फरवरी को दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान जताया है।
सर्दी की विदाई के संकेत
10 फरवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी और यह 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। 11 फरवरी को भी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जाएगा। कुल मिलाकर पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक के साथ ही दिल्ली के तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी। मौसम विभाग के मौजूदा संकेतों से लगता है कि दिल्ली में अब ठंड के दिन गिने चुने ही रह गए हैं।
दो दिन बादलों की आवाजाही
मौसम विभाग के अनुसार, 8 फरवरी की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ के पहाड़ों पर ऐक्टिव होने से दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में 9 और 10 फरवरी को आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही का अनुमान है। सुबह के वक्त हल्की धुंध कहीं कहीं दिख सकती है। दिल्ली में 9 और 10 फरवरी को हवा की स्पीड भी धीमी रहेगी। इन दोनों ही दिन दिल्ली में 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवा चलेगी।

दो दिन चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 11 फरवरी को 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलेंगी। इसके बाद 12 और 13 फरवरी को हवा की स्पीड और तेज हो जाएगी। इन दोनों ही दिन 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलेंगी। दिल्ली में 12 और 13 फरवरी को अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है। दिल्ली में 12 फरवरी को न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।




साइन इन