मधुबन बापूधाम आरओबी और अंडरपास का काम तेज, 4 महीने में दिल्ली-मेरठ मार्ग से जुड़ेगा हापुड़ रोड
गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम में आरओबी और अंडरपास का निर्माण अंतिम चरण में है। जीडीए के अनुसार, अगले चार महीनों में काम पूरा होने के बाद दिल्ली-मेरठ रोड और हापुड़ रोड के बीच सीधा संपर्क स्थापित हो जाएगा।

मधुबन बापूधाम आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) और अंडरपास का निर्माण तेजी से हो रहा है। इसे रेलवे और सेतु निगम तैयार कर रहे हैं। जीडीए का दावा है कि इनका निर्माण चार महीने में पूरा कर दिया जाएगा, जिसके बाद इन पर वाहन दौड़ सकेंगे।
दिल्ली मेरठ मार्ग से हापुड़ रोड की बेहतर कनेक्टिविटी होगी। जीडीए मधुबन बापूधाम में आरओबी और अंडरपास बना रहा है। आरओबी का निर्माण सेतु निगम और रेलवे कर रहे हैं। जबकि अंडर पास को रेलवे बना रहा है। सेतु निगम ने रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ आरओबी बनाकर तैयार किया है। वह अपने हिस्से का 85 फीसदी निर्माण कर चुका है। वहीं, रेलवे भी तेजी से निर्माण कार्य कर रहा है। अधिकारी बताते हैं कि रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ पिलर बनाने का काम अंतिम चरण में है। पिलर बनकर तैयार हो चुके हैं। वहीं, अन्य पिलर बनाने का काम भी शुरू हो रहा है। ट्रैक के दोनों तरफ चार से अधिक पिलर तैयार होंगे। फिर ट्रैक के ऊपर स्लैब डालने और गार्डर रखने का काम किया जाएगा। हालांकि, ट्रैक पर काम करने के वक्त रेलवे से ब्लॉक लिया जाएगा, ताकि कार्य में कोई बाधा न हो सके। ये पूरा काम करीब चार माह में पूरा हो सकेगा, जिसके बाद इस आरओबी पर यातायात संचालित हो सकेगा। उधर, सेतु निगम ने मधुबन की तरफ साइड रैंप निर्माण में बैरियर लगाने के लिए बेस बनाने का कार्य कर रहा है। अधिकारी बताते हैं कि 250 मीटर लंबे अंडरपास का निर्माण शुरू कर दिया है। जिन लोगों को आरओबी पर चढ़ने से दिक्कत होगी, वह रेलवे ट्रैक पार करने के लिए अंडरपास का प्रयोग कर सकेंगे।
औद्योगिक पॉकेट की तरफ तैयार हो रहा
वर्तमान में मधुबन बापूधाम से दिल्ली मेरठ रोड जाने वाली रोड से रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ औद्योगिक पॉकेट और आरओबी के पास तक अंडरपास के लिए सड़क बनाई जाएगी। वर्तमान में औद्योगिक पॉकेट वाली तरफ अंडरपास बनाने के लिए सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है।
दिल्ली-मेरठ रोड से जुड़ जाएंगी कई कॉलोनी
आरओबी बनने से हापुड़ रोड और दिल्ली-मेरठ रोड आपस में जुड़ जाएंगे। हरसांव पुलिस लाइन से मधुबन बापूधाम से आने वाला मार्ग सीधा दिल्ली-मेरठ हाईवे से जुड़ जाएगा। आरओबी का सीधा लाभ मधुबन बापूधाम के आसपास गोविंदपुरम, स्वर्णजयंतीपुरम, कर्पूरीपुरम, डासना, मसूरी, सदरपुर गांव, बालाजी एंक्लेव सहित अन्य कालोनियों के लोगों को मिलेगा। दिल्ली-मेरठ हाईवे पर जाने के लिए हापुड़ चुंगी लंबा रास्ता तय नहीं करना होगा।
जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि दिल्ली-मेरठ रोड से हापुड़ मार्ग को सीधा संपर्क मार्ग देने के लिए आरओबी का निर्माण कराया जा रहा है। रेलवे और सेतु निगम तेजी से निर्माण कर रहे हैं। इसे जल्द तैयार कर शुरू किया जाएगा, ताकि वाहन चालकों को राहत मिल सके।




साइन इन