ghaziabad shifa murder case stepmother nisha akram arrested wave city crime timeline पिता ने थप्पड़ बरसाए तो सौतेली मां ने बेहोशी तक डंडों से मारा; गाजियाबाद में बच्ची की हत्या, Ncr Hindi News - Hindustan
More

पिता ने थप्पड़ बरसाए तो सौतेली मां ने बेहोशी तक डंडों से मारा; गाजियाबाद में बच्ची की हत्या

गाजियाबाद में छह वर्षीय शिफा की उसके पिता और सौतेली मां ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पोस्टमार्टम में मासूम के शरीर पर 13 जख्म और टूटी हड्डियां मिलीं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Thu, 15 Jan 2026 08:09 AMAnubhav Shakya हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
share
पिता ने थप्पड़ बरसाए तो सौतेली मां ने बेहोशी तक डंडों से मारा; गाजियाबाद में बच्ची की हत्या

छह वर्षीय शिफा की हत्या के मामले में लगातार दिल दहला देने वाले खुलासे हो रहे हैं। घटना वाले दिन शिफा नाली में गिरकर कीचड़ से गंदी हो गई, जिस पर सौतेली मां निशा ने आपा खो दिया। पहले पिता ने थप्पड़ बरसाए और फिर मां ने तब तक डंडे बरसाए, जब तक शिफा अचेत नहीं हुई। बुधवार को दोनों को जेल भेज दिया गया।

सौतेली मां करती थी क्रूरता

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि दूसरे निकाह के कुछ ही दिन बाद से निशा तीनों सौतेले बच्चों के साथ क्रूरता करने लगी थी। छोटी-छोटी बातों पर बच्चों की पिटाई की जाती थी। चप्पल लेकर कमरे में चले जाना, बर्तन इधर-उधर रख देना, बिस्तर के कपड़े ठीक से न तह करना और यहां तक कि ज्यादा खाना मांगने पर भी निशा बच्चों को बेरहमी से मारती थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पसलियां टूटी, ब्लीडिंग... गाजियाबाद में सौतेली मां और पिता ने की बच्ची की हत्या

तीनों बच्चों को समझती थी बोझ

अकरम ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि तीन साल पहले उसकी पहली पत्नी गुलजार की मौत हो चुकी है। वर्ष 2023 में उसने मेरठ के किठौर निवासी निशा से निकाह किया। अकरम के मुताबिक पहली पत्नी से पैदा तीनों बच्चों को निशा बोझ समझती थी और घर छोड़कर जाने की धमकी देती थी। उसे डर था कि दूसरी पत्नी भी चली गई तो वह तीनों बच्चों को कैसे पालेगा। इसी डर में वह निशा परवीन का साथ देता रहा और बच्चों पर हो रही मारपीट को रोक नहीं पाया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गाजियाबाद के पहले महिला एनकाउंटर टीम की दरोगा निकली घूसखोर, रंगे हाथ पकड़ी

पूरे मामले की टाइमलाइन

  • 10 जनवरी: वेव सिटी पुलिस के मुताबिक 10 जनवरी की शाम करीब छह बजे शिफा खेलते-खेलते नाली में गिर गई थी, जिससे उसके शरीर पर कीचड़ लग गया। इसी बात को लेकर निशा आग-बबूला हो गई और फोन कर अकरम को बुला लिया। अकरम भी गुस्से में आ गया और उसने भी बच्ची को थप्पड़ मारे। इसके बाद निशा ने डंडे बरसाए।
  • 11 जनवरी: शिफा अचेत अवस्था में रही और सौतेली मां ने उसे खाने तक को नहीं पूछा। दोपहर तक शिफा में कोई हलचल न होने पर घबराए अकरम ने उसे पहले मसूरी फिर पिलखुवा और फिर मेरठ में डॉक्टर को दिखाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। रात करीब तीन बजे बच्ची के ननिहाल सूचना दी गई कि शिफा की हालत ज्यादा खराब है।
  • 12 जनवरी: अकरम और निशा ने आनन-फानन में शव को सुपुर्देखाक करने की तैयारी शुरू कर दी। अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी कि ननिहाल पक्ष के लोग पहुंच गए। ननिहाल पक्ष के द्वारा डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई। अकरम और निशा ने बीमारी से मौत बताया, लेकिन बच्ची के शरीर पर चोटों के निशान देख पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा।
  • 13 जनवरी: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर चोट के 13 से अधिक निशान मिले। दोनों हाथों तथा एक घुटने की हड्डी टूटी मिली, आंख में गंभीर चोट थी और पसलियां भी टूटी पाई गईं। मौत का कारण पटकने और सिर में रक्तस्राव बताया गया है। इतना ही नहीं, पुलिस की जांच में शिफा के चार वर्षीय छोटे भाई आहिल के शरीर पर भी चोट के निशान मिले।

एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि सौतेली मां और पिता दोनों ने मिलकर बच्ची की हत्या की है। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया है। बच्ची के नाना जहीर की शिकायत पर दोनों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बुधवार शाम कोर्ट के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।