दिल्ली में गोदामों से नहीं मिलेंगे सिलेंडर; होम डिलीवरी के आदेश, प्रवासियों पर बड़ा ऐलान
दिल्ली में एलपीजी वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए रेखा सरकार ने गोदामों से सिलेंडरों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दिया है। सरकार ने प्रवासी मजदूरों को राहत प्रदान करते हुए एक बड़ी घोषणा की है।
दिल्ली में LPG सिलेंडरों की आपूर्ति पर सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए गोदामों से सिलेंडर बिक्री पर रोक लगा दी है। इतना ही नहीं नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। प्रवासी श्रमिकों को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने 5 किलो के सिलेंडर देने की बात कही है। साथ ही हेल्प डेस्क की सुविधा दी गई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) ने सभी वितरकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि गोदाम से सीधे सिलेंडर बेचना अवैध है। इस प्रकार की किसी भी गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रवासी मजदूरों को मिलेंगे 5 किलो के सिलेंडर
दिल्ली सरकार ने प्रवासी मजदूरों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पूरे शहर में 5 किलो के LPG सिलेंडरों की उपलब्धता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। ये छोटे सिलेंडर वैध पहचान पत्र दिखाकर गैस एजेंसियों से आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं। सरकार की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, इसके लिए पते के सत्यापन की जरूरत भी नहीं होगी।
प्रवासी मजदूरों के लिए लगाए हेल्प डेस्क
सरकार की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, प्रवासी मजदूरों को विशेष सुविधा देने के लिए से एचपीसीएल के चयनित आउटलेट्स पर 11 समर्पित हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। यही नहीं उनको नजदीकी LPG वितरकों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
सीधे होम डिलीवरी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि एलपीजी की सप्लाई पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि कोई रुकावट न आए और सभी नियमों का पालन हो। लोगों को सलाह दी गई है कि वे गैस एजेंसियों या गोदामों पर भीड़ न लगाएं क्योंकि बुक किए गए सभी सिलेंडर तय समय पर सीधे घर पहुंचाए जा रहे हैं।
क्या कहते हैं आंकड़े?
सरकार की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि 4 अप्रैल को दिल्ली में कुल 1,14,679 सिलेंडरों की बुकिंग हुई। कंपनियों ने 1,31,335 सिलेंडरों की डिलीवरी की। डिलीवरी की संख्या बुकिंग से ज्यादा होना यह दिखाता है कि पुराने पेंडिंग ऑर्डर्स को तेजी से पूरा किया जा रहा है और सिस्टम ठीक से काम कर रहा है। अभी घरेलू एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी में औसतन 4 दिन का समय लग रहा है। उपभोक्ताओं को सही समय पर बेहतर सेवा मिल रही है।
कालाबाजारी रोकने के लिए बनाया कंट्रोल रूम
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि अवैध गतिविधियों जैसे जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए सरकार ने एक समर्पित कंट्रोल रूम (हेल्पलाइन: 011-23379836 / 8383824659) भी संचालित किया है। हाल ही में दिल्ली पुलिस द्वारा 17 स्थानों पर छापेमारी की गई, जबकि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने 76 गैस एजेंसियों और भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया।
अफवाहों से बचने की अपील
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों को फिर से भरोसा दिलाया है कि दिल्ली में एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह ठीक है। उन्होंने नागरिकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और डिलीवरी सिस्टम पर भरोसा करते हुए प्रशासन की मदद करने की अपील की है।




साइन इन