LPG सिलेंडर के लिए ज्यादा कीमत मांग रहा हो कोई तो इन नंबरों पर फोन कर सकते हैं दिल्लीवाले
एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर गैस एजेंसियों पर इनदिनों लंबी कतारें दिख रही हैं। इसका कारण गैस मिलने में आ रही दिक्कतों के साथ लोगों में चिंता होना भी है। वहीं, कई लोग ज्यादा कीमत वसूली की शिकायतें भी कर रहे हैं।

Delhi LPG Helpline: एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर गैस एजेंसियों पर इनदिनों लंबी कतारें दिख रही हैं। इसका कारण गैस मिलने में आ रही दिक्कतों के साथ लोगों में चिंता होना भी है। वहीं, कई लोग ज्यादा कीमत वसूली की शिकायतें भी कर रहे हैं। कुछ लोगों की शिकायते हैं कि एजेंसी पर उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जबकि कई हॉकर उनसे संपर्क करके कहते हैं कि ज्यादा कीमत देने पर सिलेंडर मिल सकता है। यदि आपके साथ भी ऐसा हो रहा है तो आप शिकायत कर सकते हैं।
पैनिक बुकिंग , अफवाह
युद्ध की खबरों के बीच उपभोक्ताओं में स्टॉक खत्म होने का डर है। सोशल मीडिया पर भी कई अफवाहें फैली हैं। इस पैनिक बुकिंग ने सिलेंडर की कृत्रिम कमी पैदा कर दी है।
25 दिनों का नियम
जमाखोरी रोकने के लिए सरकार ने दो रिफिल के बीच 25 दिनों का अनिवार्य अंतराल लागू किया है। इस नियम की स्पष्ट जानकारी न होने से भी लोग एजेंसियों पर जमा हो रहे हैं।
वैश्विक तनाव का असर
मिडिल-ईस्ट (ईरान-इज़राइल) में बढ़ते तनाव के कारण हॉर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाला एलपीजी आयात प्रभावित हुआ है। भारत अपनी जरूरत का 60% हिस्सा यहीं से मंगवाता है, जिससे सप्लाई चेन में देरी हुई है।
रमजान-शादियों की वजह से बढ़ी खपत
मौजूदा समय में रमजान का पवित्र महीना और शादियों का सीजन चल रहा है। इसकी वजह से गैस की मांग आम दिनों की अपेक्षा 20 फीसदी बढ़ी हुई है। 13 मार्च को इस माह में शादी का अंतिम शुभ मुहूर्त है। इसके बाद करीब एक महीने के लिए सहालग बंद हो जाएंगे। वहीं, 21 मार्च को ईद उल फितर का पर्व हो जाएगा। एलपीजी डीलर्स का कहना है कि इसके बाद गैस की मांग में कमी आने की उम्मीद है।
होम-डिलीवरी ठप और कालाबाजारी जोरों पर
दिल्ली के कई इलाकों में होम डिलीवरी बंद करने की शिकायतें आ रही हैं। आरोप है कि सिलेंडर को 3,000 से 4,500 रुपये की अवैध कीमतों पर बेचा जा रहा है।
अवैध वसूली होने पर कॉल करें
● किसी भी प्रकार की अवैध वसूली होने पर तुरंत नजदीकी क्षेत्रीय राशन कार्यालय या पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचित करें।
● दिल्ली सरकार (खाद्य एवं आपूर्ति विभाग) के टोल-फ्री नंबर 1967 या उपभोक्ता हेल्पलाइन 1800-11-4000 पर भी शिकायत कर सकते हैं।
कंपनियों के हेल्पलाइन
इंडेन : 1800-233-3555
भारत गैस : 1800-22-4344
एचपी गैस : 1800-233-3555
आधिकारिक पोर्टल
mylpg.in पर Feedback सेक्शन में अपनी शिकायत दर्ज करें।
नोट: उपभोक्ता अपना बुकिंग स्टेटस केवल आधिकारिक ऐप या वेबसाइट पर ही चेक करें। किसी भी अज्ञात लिंक पर अपनी जानकारी साझा न करें।
‘कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी’
दिल्ली में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और पीएनजी की आपूर्ति को सरकार ने पूरी तरह सामान्य बताया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी प्रकार के ईंधन की कोई कमी नहीं है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी या जमाखोरी न करें। सरकार कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई करेगी। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने पुष्टि की है कि दिल्ली में घरेलू पीएनजी की आपूर्ति स्थिर है। प्राकृतिक गैस के आवंटन में घरेलू पीएनजी और परिवहन क्षेत्र (सीएनजी) के उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। तेल कंपनियों ने साफ किया है कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति श्रृंखला बिना किसी बाधा के कार्य कर रही है। सरकार ने सूचित किया है कि एलपीजी रिफिल बुकिंग के न्यूनतम अंतराल को बदल दिया गया है। बदलाव के बाद भी लोगों को बुकिंग के औसतन दो से तीन दिनों के भीतर डिलीवरी मिल रही है।




साइन इन