जिसे दिल दिया उसी ने सीने में घोंपा चाकू, नोएडा में शराब पार्टी के बाद कोरिया के शख्स की हत्या
नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एटीएस पायस हाइडवे सोसाइटी में लिव इन रिलेशनशिप में रह रही मणिपुर निवासी प्रेमिका ने लॉजिस्टिक कंपनी के ब्रांच मैनजर और दक्षिण कोरिया के नागरिक की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को हत्यारोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया।

नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एटीएस पायस हाइडवे सोसाइटी में लिव इन रिलेशनशिप में रह रही मणिपुर निवासी प्रेमिका ने लॉजिस्टिक कंपनी के ब्रांच मैनजर और दक्षिण कोरिया के नागरिक की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को हत्यारोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दूतावास को सूचना दे दी। पुलिस जांच में मृतक की पहचान 40 वर्षीय डक ही युह पुत्र ह्वा योंग युह के रूप में हुई। वह दक्षिण कोरिया के चेओंगजू शहर के रहने वाले थे।
वर्तमान में सेक्टर-150 स्थित एटीएस पायस हाइडवे सोसाइटी के फ्लैट नंबर-1201 में रह रहे थे और नोएडा के सेक्टर-142 स्थित एडवंट टावर स्थित कोरिया की लॉजिस्टिक कंपनी में ब्रांच मैनेजर थे। उनके फ्लैट में मणिपुर के जिला बिष्णुपुर की रहने वाली लुनजेएना पमाई भी रहती थी। दोनों करीब डेढ़ वर्ष से अधिक समय से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। युवती कोई काम नहीं करती थी। दोनों की मुलाकात युवती के पूर्व में रहे कार्यस्थल पर होने की बात सामने आई है।
चाकू मारने के बाद खुद ही लेकर पहुंची अस्पताल
पुलिस ने बताया कि शनिवार देर रात डक ही युह और लुनजेएना पमाई ने शराब पी। इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच आपस में विवाद हुआ। बात इतनी बढ़ गई कि युवती ने चाकू से डक ही युह पर हमला कर दिया। बाद में आरोपी महिला उसे गंभीर हालत में एंबुलेंस में लेकर कासना स्थित जिम्स पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मेमो भेजकर मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। रविवार सुबह सूचना मिलने के बाद कासना पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े नॉलेज पार्क थाना पुलिस को जानकारी दी। उसके बाद पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही, हत्यारोपी प्रेमिका को भी गिरफ्तार कर लिया। साउथ कोरिया के दूतावास को मामले की सूचना दे दी गई है।
कॉल डिटेल खंगाली जा रही
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आपसी विवाद की बात सामने आई है। आरोपी युवती से पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय दोनों के बीच क्या स्थिति थी और विवाद किस कारण बढ़ा। घटना के बाद कोई और व्यक्ति तो मौजूद नहीं था। साथ ही, उनके मोबाइल की कॉल डिटेल और रिकॉर्ड को भी जांचा जा रहा है। पता लगाया जा रहा है कि कहीं साजिश के तहत तो घटना को अंजाम नहीं दिया गया।
शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार आरोपी युवती ने पूछताछ में बताया कि कोरियाई नागरिक उसके साथ मारपीट करता था। शनिवार रात फ्लैट में शराब पार्टी चल रही थी। दोनों का शराब पीकर झगड़ा हो गया था। गुस्से में आकर उसने चाकू से विदेशी नागरिक के सीने पर चाकू हमला कर दिया। चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस को निरीक्षण के दौरान फ्लैट से कुछ दवाइयां समेत अन्य सामग्री मिली हैं। माना जा रहा है कि हमले के बाद युवती ने रक्त प्रवाह को रोकने के लिए दवा दी हो। हालांकि, युवती सुबह एंबुलेंस से उन्हें लेकर अस्पताल पहुंची थी।
पड़ोसियों का दरवाजा खटखटाया, मदद नहीं मिली
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि युवक के हाथ में ही चाकू था। उसने स्वयं ही खुद को चाकू मारा। वहीं, घटना के बाद युवती ने अपने पड़ोसियों का फ्लैट भी खटखटाया, लेकिन उसे कोई मदद नहीं मिल सकी। इसके बाद में वह खुद ही सुबह के समय लहुलूहान अवस्था में युवक को जिम्स लेकर पहुंची, लेकिन तब तक विदेशी नागरिक की मौत हो चुकी थी। घटना से क्षेत्र में सनसनी है। साथ ही सोसाइटी में भी भय का माहौल है।
गिरफ्तार की गई आरोपी लड़की
एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि दक्षिण कोरिया नागरिक और मणिपुर की युवती दोनों डेढ़ वर्ष से लिव इन रिलेशनशिप में थे। शनिवार की रात शराब पीने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी बीच युवती ने चाकू मारकर विदेशी नागरिक की हत्या कर दी। युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है।




साइन इन