अरविंद केजरीवाल पर जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा वाली तीसरी मुश्किल, दो और AAP नेताओं पर भी केस
इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट की डबल बेंच ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह समेत अन्य नेताओं को अदालत की स्वतः संज्ञान अवमानना याचिका में नोटिस जारी किया था।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी के नेताओं सौरभ भारद्वाज व गोपाल राय के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय के सामने एक आपराधिक अवमानना याचिका दायर की गई है। इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने दिल्ली उच्च न्यायालय की मौजूदा न्यायाधीश जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा को निशाना बनाते हुए एक मिलाजुला सोशल मीडिया अभियान चलाया। जस्टिस नवीन चावला व जस्टिस रविन्द्र डुडेजा की पीठ शुक्रवार को इस मामले की सुनवाई करेगी।
दिल्ली हाई कोर्ट में यह याचिका अधिवक्ता अशोक चैतन्य ने दायर की है, जिसमें उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 215 के साथ पढ़े जाने वाले न्यायालय की अवमानना अधिनियम, 1971 की धारा 15 (1) (सी) के तहत दायर याचिका में आपराधिक अवमानना कार्यवाही शुरू करने की मांग की है। अपनी याचिका में उन्होंने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी के उक्त तीन नेताओं ने अदालत को बदनाम किया, उसके अधिकार को कम किया और लंबित न्यायिक कार्यवाही में हस्तक्षेप किया।
केजरीवाल पर लगाए गए आरोप
याचिका के अनुसार यह विवाद कथित भ्रष्टाचार के एक मामले में आरोपी व्यक्तियों को आरोपमुक्त करने को चुनौती देने वाली सीबीआई पुनरीक्षण याचिका की कार्यवाही से उत्पन्न हुआ, जिसमें केजरीवाल भी आरोपियों में से एक हैं। इस मामले की सुनवाई जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा कर रही थीं। याचिका में आरोप लगाया गया है कि उच्चतम न्यायालय के समक्ष मामले को स्थानांतरित करने और कार्यवाही वापस लेने की असफल कोशिशों के बाद केजरीवाल ने जस्टिस शर्मा को मामले की सुनवाई से अलग करने की मांग करते हुए एक आवेदन दायर किया था।
हाई कोर्ट ने मंगलवार को जारी किया था नोटिस
इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट की डबल बेंच ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह समेत अन्य नेताओं को अदालत की स्वतः संज्ञान अवमानना याचिका में नोटिस जारी किया था। इन नेताओं पर जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के खिलाफ कथित तौर पर ‘मानहानिकारक और अपमानजनक’ टिप्पणियां करने का आरोप है।
HC ने स्वतः संज्ञान लेकर शुरू की अवमानना कार्यवाही
इस मामले में जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने स्वतः संज्ञान लेते हुए AAP नेताओं के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू की थी, जिस पर सुनवाई करते हुए जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस रवींद्र डुडेजा की बेंच ने AAP नेताओं को नोटिस जारी किया। अदालत ने केजरीवाल, सिसोदिया और अन्य को अपना जवाब दाखिल करने के लिए चार सप्ताह का समय दिया है। पीठ ने कहा, 'नोटिस जारी किया जाए। कथित अवमानना करने वाले नोटिस प्राप्त होने की तारीख से चार सप्ताह के भीतर अपना जवाब दाखिल करेंगे।' पीठ ने मामले की अगली सुनवाई 4 अगस्त को निर्धारित की है।




साइन इन