जेवर एयरपोर्ट से फ्लाइट के लिए 10 मई तक शुरू होगी टिकट बुकिंग, इस दिन मिलेगा सफर का मौका
जेवर एयरपोर्ट के लिए 10 मई तक फ्लाइट की टिकट बुकिंग सेवा शुरू होगी। शुरुआत में केवल इंडिगो एयरलाइंस अपनी सेवा शुरू करेगी। यापल ने नोएडा एयरपोर्ट से उड़ानें शुरुआत के लिए 15 जून 2026 की डेट फाइनल कर दी है।

जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए 10 मई तक फ्लाइट की टिकट बुकिंग सेवा शुरू होगी। शुरुआत में केवल इंडिगो एयरलाइंस अपनी सेवा शुरू करेगी। ऐसे में 17 या उससे कम शहरों के लिए ही घरेलू और कार्गो उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (यापल) ने नोएडा एयरपोर्ट से उड़ानें शुरुआत के लिए 15 जून 2026 की डेट फाइनल कर दी है। यह पहला मौका है, जब यापल ने अधिकारिक रूप से संचालन की घोषणा की है। यापल ने एयरलाइंस के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। फिलहाल सिर्फ इंडिगो एयरलाइंस ही यात्री सेवा शुरू करेगी। हालांकि, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस से भी बातचीत चल रही है। जल्दी यें दोनों एयरलाइंस भी अपना शेड्यूल जारी कर देंगी।
विदेशी सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमैन को 24 अप्रैल को पद से हटाकर भारतीय सीईओ नीतू समरा की नियुक्ति के बाद ही 27 अप्रैल की शाम नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बकास) ने एयरपोर्ट के एयरोड्रम सिक्योरिटी प्रोग्राम (एएसपी) को मंजूरी दे दी थी। इसके बाद यह सुनिश्चित हो गया था कि एयरपोर्ट सुरक्षा, तकनीक और उड़ान सेवा के लिए तैयार है।
सिर्फ दिन में ही उड़ानें शुरू हो सकेंगी
नोएडा एयरपोर्ट पर अभी कैट-3 जैसे उपकरण स्थापित नहीं हो सके हैं। ऐसे में शुरुआत में सिर्फ दिन में ही घरेलू और कार्गो उड़ानें शुरू की जाएंगी। साथ ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अब भी कुछ महीनों का समय लगेगा। अंतरराष्ट्रीय यात्री टर्मिनल का काम अब भी अूधरा है, जिसे तेजी से पूरा करने के प्रयास जारी हैं। इसके पूरा होने के बाद ही अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा को हरी झंडी दिखाई जा सकती है।
परियोजना में देरी हुई
ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी और राज्य सरकार के बीच हुए अनुबंध के तहत नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण पूरा करने के लिए 1095 दिन का समय दिया गया था। यह समय सीमा 29 सितंबर 2024 तक पूरी हो जानी थी, लेकिन यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (ज़्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की एक विशेष प्रयोजन कंपनी) द्वारा एयरपोर्ट के निर्माण के लिए नियुक्त टाटा प्रोजेक्ट्स समय पर काम पूरा नहीं कर पाई। इसके लिए तीन महीने की मोहलत दी गई थी, जो दिसंबर 2024 में समाप्त हो गई। फिर इस समय सीमा को बढ़ाकर अप्रैल 2025 कर दिया गया। हालांकि, 10 मार्च 2025 को मुख्यमंत्री ने अधूरे निर्माण के कारण, टाटा प्रोजेक्ट्स को घरेलू टर्मिनल 15 मई तक और अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल 25 जून तक पूरा करने का निर्देश दिया। यह समय सीमा भी बीत गई और 30 सितंबर 2025 की नई समय सीमा तय की गई। इसके बाद फिर तारीखों का दौर शुरू हुआ और अब करीब एक वर्ष आठ महीने और 17 दिन की देरी के बाद 15 जून 2026 को उड़ान के लिए तय किया गया है।
दस एयरोब्रिज स्थापित
यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर दस एयरोब्रिज स्थापित हैं। यात्री एक बार में दस विमानों में चढ़ या उतर सकते हैं। इससे यात्रा का समय बचेगा। प्रदेश में नोएडा एयरपोर्ट पर सबसे ज्यादा एयरोब्रिज हैं। अबतक यह रिकॉर्ड लखनऊ एयरपोर्ट के पास था, यहां आठ एयरोब्रिज हैं।
एक करोड़ यात्री उड़ान भर सकेंगे
नोएडा एयरपोर्ट का प्रथम चरण 1334 हेक्टेयर में विकसित किया गया है। इसमें एक रनवे, टर्मिनल बिल्डिंग, एटीसी और कार्गो हब है। इस एयरपोर्ट से पहले चरण में हर साल 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता है। इसके मास्टर प्लान में आगे विस्तार की योजना है, जिससे भविष्य में यह एयरपोर्ट सालाना सात करोड़ से ज्यादा यात्रियों को सेवा दे सकेगा।
वेबसाइट पर डीएक्सएन कोड दिखने लगा
नोएडा एयरपोर्ट का कोड मेक माई ट्रिप वेबसाइट पर दिखने लगा है। एयरपोर्ट का कोड ‘डीएक्सएन’ है। यह एयरपोर्ट दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को भारत और दुनिया के अन्य शहरों से जोड़ेगा। यह विश्वस्तरीय एयरपोर्ट स्विस कार्यकुशलता और भारतीय मेहमाननवाजी का मेल है, जो यात्रियों को बेहतरीन अनुभव और कई तरह की सुविधाएं देगा। एनआईए पर्यावरण संरक्षण के लिए शून्य उत्सर्जन (नेट जीरो) का लक्ष्य लेकर काम कर रहा है।
यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी
नोएडा एयरपोर्ट पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। चेहरे की पहचान तकनीक और क्यूआर कोड संपर्क रहित डिजीयात्रा को संभव बनाएंगे। यात्रियों की सुरक्षा के लिए सामान की जांच अत्याधुनिक (एटीआरएस) स्वचालित ट्रे रिट्रीवल सिस्टम का उपयोग करके की जाएगी। यह मानक मशीनों की तुलना में तेज काम करती है।
एयरपोर्ट का संचालन होते ही बसें चलेंगी
एयरपोर्ट तक यात्रियों को लाने ले जाने के लिए उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड परिवहन निगम बस सेवा शुरू करेगा। राज्यों ने उड़ान के पहले से सेवा शुरू करने की साझेदारी की है। इसके अलावा ओला, ऊबर, रेपिडो यात्रियों के लिए टैक्सी सेवा शुरू करेंगे।
शैलेंद्र भाटिया, नोडल अधिकारी नायल, ''नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान की तिथि 15 जून निर्धारित की गई है। उड़ान से करीब एक माह पहले यानी 10 मई के आसपास तक एयरलाइंस फ्लाइट शेड्यूल भी जारी कर देंगी, ताकि टिकट बुकिंग सेवा शुरू हो सके। इस दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।''




साइन इन