जेवर एयरपोर्ट से 15 को उड़ेगी पहली कमर्शियल उड़ान, इस तरह हर लम्हा यादगार बनाने का प्लान
जेवर का नोएडा एयरपोर्ट शुरू होने का इंतजार कर रहे लोगों का इंतजार की घड़ियां अब जल्द खत्म होने वाली हैं। 15 जून को यहां से पहली कमर्शियल उड़ान शुरू होगी। नोएडा एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट बेंगलुरु के लिए जाएगी।

उत्तर प्रदेश के जेवर में बना नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून को शुरू होने वाली पहली कमर्शियल उड़ान को लेकर तैयारी अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। उद्घाटन कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए एजेंसियां काम में जुटी हैं। उड़ानों के सफल संचालन के लिए गुरुवार को एयरपोर्ट पर हवन-पूजन किया गया।
नोएडा एयरपोर्ट के लिए लखनऊ से आने वाली पहली उड़ान में केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि तथा विमानन क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों समेत उद्यमी शामिल होंगे। इंडिगो का विमान 15 जून को सुबह 8:05 बजे लखनऊ से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगा। इसके बाद यही फ्लाइट बेंगलुरु के लिए रवाना होगी।
एयरपोर्ट से शुरू होने वाली उड़ान को यादगार बनाने के लिए विमान में लखनऊ से नागरिक उड्डयन मंत्रालय से जुड़े प्रतिनिधियों, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक और उद्यमी बैठकर आएंगे। सीआरसी ने इस विमान की 70 सीटें बुक की है, जिस पर उद्यमियों को लखनऊ से एयरपोर्ट लाकर शहर में हो रहे निवेश समेत अन्य संभावनाओं के बारे में बताया जाएगा। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अधिकारियों के भी पहली उड़ान से पहुंचने की संभावना है। एयरपोर्ट प्रबंधन वीवीआईपी आगंतुकों के स्वागत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत योजना तैयार कर रहा है। पहली उड़ान के यात्रियों की सूची बन रही है।
एयरपोर्टर परिसर में हुआ हवन-पूजन
एयरपोर्ट परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान के साथ हवन पूजन किया गया। लोगों ने आहुति देकर एयरपोर्ट के सफल संचालन के अलावा प्रदेश की उन्नति, समृद्धि की कामना की। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति में हर शुभ कार्य की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ करने की परंपरा है।
सुबह से बसें चलेंगी
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने गुरुवार को बसों का शेड्यूल जारी कर दिया है। आगरा से नोएडा एयरपोर्ट के लिए सुबह 5 बजे और अंतिम बस 6.40 बजे चलेगी। वहीं, फिरोजाबाद से 7.40 बजे पहली बस और शाम 4 बजे अंतिम बस, हाथरस से सुबह 6 बजे पहली और शाम 6 बजे अंतिम बस होगी। बसें 15 से 30 मिनट के गैप से चलेंगी।
टिकट के लिए साझेदारी
नोएडा एयरपोर्ट ने ऑनलाइन बस टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म रेड बस के साथ साझेदारी की। यात्रियों को एयरपोर्ट से दूसरे शहरों (इंटरसिटी) के लिए सीधी बसों की सुविधा मिलेगी। भारत में किसी एयरपोर्ट और बस सेवा प्लेटफॉर्म के बीच यह पहली साझेदारी है। एयरपोर्ट से 20 से अधिक सीधी इंटरसिटी बस सेवाएं उपलब्ध होंगी।
विमान सेवा शुरू होने से पहले सुरक्षा बढ़ी
नोएडा एयरपोर्ट पर उड़ान शुरू होने से पहले सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद हो चुकी हैं। एयरपोर्ट के आस-पास के इलाकों में रहने वाले किरायेदारों के सत्यापन का काम तेज हो गया है। प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ही 24 घंटे जांच की जा रही है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि नोेएडा एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था के लिए जेवर डोमेस्टिक टर्मिनल थाना क्रियाशील हो चुका है। एयरपोर्ट से संबंधित कार्यों के लिए 130 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। इनके पर्यवेक्षण के लिए अपर पुलिस उपायुक्त जेवर एयरपोर्ट को नियुक्त किया गया है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए थाने को माइल स्टोन-32, कार्गो तथा घरेलू टर्मिनल चौकियों का सृजन कर विभाजित किया गया है। एयरपोर्ट के प्रवेश और निकास द्वार पर पुलिस कर्मियों द्वारा तीन पालियों में 24 घंटे सघन चेकिंग की जा रही। महत्वपूर्ण प्वाइंट पर पुलिसकर्मी तैनात है। इसके अलावा अतिरिक्त स्थानों पर भी पुलिस बल तैनात किया जा रहा है।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट की आंतरिक एवं बाह्य सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर डेडिकेटेड पीसीआर वाहनों द्वारा नियमित सशस्त्र गश्त जारी है। साथ ही थाना जेवर पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में निरंतर पेट्रोलिंग और किरायेदार सत्यापन भी शुरू हो गया है। एयरपोर्ट पार्किंग जोन में पुलिस नियमित रूप से भ्रमणशील रहेगी। थाना घरेलू टर्मिनल पर वर्तमान में सम्यक संख्या में चार पहिया वाहन उपलब्ध कराए गए है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले पुलिस कर्मियों में 11 निरीक्षक, 47 उप निरीक्षक, 71 आरक्षी सहित 130 से ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल हैं।
पुलिस लाइन, कार्यालय, आवास भी बनेंगे
सूरजपुर पुलिस लाइन की एयरपोर्ट से दूरी काफी अधिक हैं। ऐसे में यमुना विकास प्राधिकरण ने एयरपोर्ट के पास ही पुलिस लाइन, पुलिसकर्मियों के आवास एवं कार्यालय आदि के निर्माण के लिए 10 हजार वर्गमीटर भूमि आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही एयरपोर्ट के आसपास 500 मीटर की सीमा के अंदर राजपत्रित अधिकारियों के कार्यालय और मीटिंग हॉल तथा गार्ड रूम आदि के लिए 6000 वर्गमीटर भूमि मांगी गई हैं, जिसके प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी। इससे आपात स्थिति में निपटने में मदद मिलेगी। वहीं, आगजनी से निपटने के लिए एयरपोर्ट के पास दो अग्निशमन केंद्र भी बनेंगे। इसके लिए भी 14970 वर्गमीटर भूमि का आवंटन किया गया है। इसका निर्माण लोक निर्माण विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा किया जा रहा है।
यमुना और केजीपी पर पांच नई चौकियां बनीं
एयरपोर्ट क्षेत्र की सुरक्षा के लिए यमुना एक्सप्रेसवे और पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर पांच नई पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। इनपर पुलिस बल की तैनाती की जा चुकी है। सभी चौकियों को आधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली और केंद्रीय कंट्रोल रूम से जोड़ा गया हैं। चौकियों का प्रशासनिक नियंत्रण थाना जेवर एयरपोर्ट की तरफ से किया जाएगा। इसके अलावा सभी चौकियों को डिजिटल पुलिसिंग और सिस्टम से जोड़ा जा रहा है। स्थानीय अस्पतालों और एम्बुलेंस सेवाओं के साथ इंटीग्रेशन स्थापित किया जाएगा। चरणबद्ध रूप से इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया जाएगा। रियल-टाइम सूचना आदान-प्रदान और त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
जेवर इंटरनेशनल टर्मिनल थाना भी बनाया जाएगा
नोएडा ➡️एयरपोर्ट पर विदेश से आने वाले नागरिकों की सुरक्षा और सहायकता के लिए जेवर इंटरनेशनल टर्मिनल के नाम से थाना प्रस्तावित है। यहां पर पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त सहित कुल 70 पदों के सृजन की प्रक्रिया जारी है।
परिसर की सुरक्षा तीन घेरे में होगी
एयरपोर्ट के प्रथम घेरे की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआईएसएफ के पास होगी। दूसरे घेरे में एयरपोर्ट की स्वयं की निजी सुरक्षा रहेगी, जबकि तीसरे घेरे में पुलिस सुरक्षा होगी। एयरपोर्ट पर पुलिस की तैनाती का कारण प्रोटोकाल के अलावा भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम के तहत कार्रवाई के अधिकार न तो सीआईएसएफ और न ही निजी सुरक्षाकर्मियों के पास। इसलिए पुलिस को अहम जिम्मेदारी दी गई है।
गश्त के साथ संदिग्धों की जांच की जा रही
एयरपोर्ट की बाहरी सुरक्षा के लिए कई पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। इनमें दयानतपुर, नीमका, थौरा, जहांगीरपुर और तिरथली चौकी शामिल हैं। इन चौकियों से 24 घंटे गश्त, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी, चेकिंग और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। वहीं, संवेदनशील स्थलों एवं प्रमुख मार्गों पर स्थायी पुलिस पिकेट तैनात हैं। प्रमुख पिकेट स्थान किशोरपुर रोड (गेट नं. 3), दयानतपुर (गेट नं. 2), तिरथली-दयानतपुर रोड, दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे फ्लाईओवर निर्धारित है।
कंट्रोल रूम भी स्थापित
टर्मिनल के भीतर हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यहां महिला और पुरुष पुलिसकर्मी सादा वर्दी में तैनात रहकर यात्रियों की सहायता करेंगे। महिलाओं से संबंधित शिकायतें और समस्याओं के निस्तारण के लिए महिला पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए यातायात पुलिस भी परिसर में नियमित रूप से तैनात रहेंगे। वहीं, परिसर के पार्किंग क्षेत्र में पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां सीसीटीवी से पार्किंग, प्रवेश द्वारों और आवागमन मार्गों की निगरानी होगी। डॉग स्क्वायड, सीआईएसएफ, बीडीडीएस के समन्वय से समय-समय पर जांच जारी है।




साइन इन