'जब तक हम आम आदमी पार्टी में थे तब तक बड़े आज्ञाकारी और संस्कारी थे'; राघव चड्ढा ने क्यों कहा ऐसा
आम आदमी पार्टी को छोड़ भाजपा में गए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आज 'आप' नेताओं पर चुटकी लेते हुए कहा कि जब तक हम आम आदमी पार्टी में थे आज्ञाकारी थे, तब तक हमें संस्कारी बताया जाता था।

अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) को छोड़ भाजपा में गए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आज कहा कि जब तक हम आम आदमी पार्टी में थे आज्ञाकारी थे, तब तक हमें संस्कारी बताया जाता था। हमने जब पार्टी छोड़ी, अब हमें भ्रष्ट करार दे दिया गया। उन्होंने पंजाब की 'आप' सरकार पर ‘बदले की राजनीति’ करने का आरोप लगाया है।
राघव चड्ढा ने 3 अन्य सांसदों संग राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन
राघव चड्ढा ने हाल ही में 'आप' को छोड़ने वाले 3 अन्य राज्यसभा सांसदों के साथ मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने 'आप' छोड़ने के बाद उनके खिलाफ उत्पीड़न और ‘राजनीति से प्रेरित’ कार्रवाई का आरोप लगाया गया। साथ ही पंजाब सरकार पर भाजपा में जाने वाले उन सभी सांसदों को निशाना बनाने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने करने शिकायत की है। राघव ने आरोप लगाया कि BJP में शामिल होने वाले सभी सांसद पंजाब की सरकारी एजेंसियों की ओर से डराने-धमकाने और जबर्दस्ती की कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह तमाम चीजें हमने राष्ट्रपति जी के सामने रखी हैं। उन्होंने हमें अपनी ओर से और संविधान की ओर से भी सुरक्षा का भरोसा दिया है।
'पंजाब स्टेट मशीनरी को मिस्यूज और एब्यूज किया जा रहा'
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद वापस लौटते हुए मीडिया से बात करते हुए कहा, ''राघव चड्ढा ने कहा कि जब तक हम तमाम सांसद आम आदमी पार्टी के साथ थे, तब तक हम बड़े आज्ञाकारी और संस्कारी थे। लेकिन जैसे ही हमने आम आदमी पार्टी को सैद्धांतिक कारणों से छोड़ा हम भ्रष्टाचारी बन गए। हम पर फर्जी मुकदमे किए जा रहे हैं। पंजाब स्टेट मशीनरी को मिस्यूज और एब्यूज किया जा रहा है।''
'यह सरकार अब बस चंद महीनों की रह गई है'
राघव चड्ढा ने आगे कहा, ''मैं पंजाब सरकार के अधिकारियों से बस इतना ही कहना चाहता हूं कि इस प्रकार के डेंजरस गेम जो आम आदमी पार्टी के कुछ नेता और ओएसडी खेलना चाहते हैं। उससे बचिए, यह सरकार अब बस चंद महीनों की रह गई है। यह सरकार चली जाएगी। ये सब लोग शताब्दी में बैठकर दिल्ली आ जाएंगे। इनका तो भविष्य पंजाब में नहीं है, लेकिन आप लोग अपनी नौकरी और पूरे करियर को जोखिम में मत डालिए। कानून और संविधान के साथ खड़े रहिए।''
भाजपा के पास 21 राज्यों में सरकार और पुलिस
उन्होंने पंजाब पुलिस की कार्रवाई पर 'आप' को आगाह करते कहा, ''अंत में मैं बस इतना ही कहना चाहता हूं कि आम आदमी पार्टी की एक राज्य में सरकार है और एक राज्य में ही पुलिस है उनके पास। भाजपा की 21 राज्यों में सरकार है और 21 राज्यों में ही उनके पास पुलिस है।''
कौन-कौन हुआ था भाजपा में शामिल
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी (आप) को 24 अप्रैल को उस समय बड़ा झटका लगा था जब पंजाब में उसके राज्यसभा के 10 सांसदों में से 7 सांसद- राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, विक्रमजीत साहनी और स्वाति मालीवाल ने यह आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ दी कि 'आप' अपने मूल्यों और मूल सिद्धांतों से भटक गई है। इसके बाद इन सभी ने भाजपा में विलय कर लिया था।




साइन इन