जेवर एयरपोर्ट के पास 100 एकड़ में बसेगी इंटरनेशनल थीम बेस्ड रेजिडेंशियल टाउनशिप
उत्तर प्रदेश में जेवर एयरपोर्ट के पास 100 एकड़ में अंतरराष्ट्रीय थीम आधारित आवासीय टाउनशिप विकसित होगी। परियोजना में 3,500 करोड़ रुपये का निवेश होगा। अगले वर्ष तक इसका काम शुरू होने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश में जेवर एयरपोर्ट के पास 100 एकड़ में अंतरराष्ट्रीय थीम आधारित आवासीय टाउनशिप विकसित होगी। परियोजना में 3,500 करोड़ रुपये का निवेश होगा। अगले वर्ष तक इसका काम शुरू होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे के दौरान सोमवार को यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप ने प्रदेश में 6650 करोड़ रुपये निवेश करने के लिए तीन समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इनमें से दो परियोजनाएं गौतमबुद्ध नगर जिले की यमुना सिटी और नोएडा-ग्रेटर नोएडा में विकसित होंगी। पहली परियोजना के तहत यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में आवासीय टाउनशिप विकसित की जाएगी। यह बड़ी ग्रुप हाउसिंग परियोजना होगी, जहां बहुमंजिला इमारतों में लोगों के रहने का इंतजाम किया जाएगा।
दावा किया जा रहा है कि इसके धरातल पर उतरने से लगभग 12,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। एमओयू पर हस्ताक्षर होने के बाद यीडा के अफसरों ने भूमि की उपलब्धता समेत अन्य बिंदुओं पर कार्ययोजना बनाने का काम शुरू कर दिया है।
सिंगापुर सिटी भी प्रस्तावित : यमुना सिटी के सेक्टर-7 में करीब 500 एकड़ में सिंगापुर सिटी भी प्रस्तावित है। इसका औपचारिक प्रस्ताव बीते दिनों ही प्राधिकरण के अफसरों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा था। ऐसे में सिंगापुर दौरे पर पहले ही दिन मिली यह सौगात एयरपोर्ट के आसपास तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्र को नई पहचान देगा। इस समझौते के बाद शहर में अब सिंगापुर सिटी के विकसित होने का रास्ता भी खुल गया है।
लॉजिस्टिक्स पार्क : यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप इसके अलावा कानपुर-लखनऊ हाईवे पर 50 एकड़ भूमि में लॉजिस्टिक्स पार्क का भी विकास होगा। इस परियोजना में 650 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और लगभग 7,500 रोजगार सृजित होने का अनुमान है। इसको भी 2027 में शुरू किए जाने की योजना है।
नोएडा-ग्रेनो में डेटा सेंटर पार्क बनेगा
नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में 10 एकड़ भूमि पर 40 मेगावाट आईटी पावर क्षमता वाला हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क भी स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना में 2,500 करोड़ रुपये का निवेश होगा और लगभग 1,500 लोगों को रोजगार मिलेगा। एमओयू के अनुसार, परियोजना को वर्ष 2028 में शुरू करने की योजना है। अधिकारियों के अनुसार, यह निवेश उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी डेटा सेंटर हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम होगा। नोएडा और ग्रेनो में डेटा सेंटर के लिए 11 भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। साथ ही डेटा सेंटर भी संचालित हो रहा। यमुना सिटी में दो और कंपनियों को डेटा सेंटर के लिए भूमि देने पर विचार किया जा रहा।




साइन इन