गुरुग्राम में अवैध निर्माणों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, दो हिस्ट्रीशीटर रहे निशाने पर
इस कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि भूमाफियाओं पर सर्जिकल स्ट्राइक— सेक्टर-53 व वजीराबाद में HSVP की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे ध्वस्त। भारी मशीनरी से कार्रवाई कर जमीन को मूल स्वरूप में बहाल किया गया।

गुरुग्राम पुलिस ने मंगलवार को भूमाफियाओं के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की जमीन पर असामाजित तत्वों द्वारा किए गए अवैध कब्जे को हटा दिया, और वहां किए गए अवैध निर्माणों को भी बुलडोजर कार्रवाई करते हुए तोड़ दिया। भू-माफियाओं ने इन अवैध ढांचों को सरकारी जमीन पर बना रखा था।
पुलिस को इस बारे में एक खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद उसने सेक्टर 31 और सेक्टर 40 के क्राइम ब्रांच सदस्यों को मिलाकर एक टीम बनाई और इस कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान इस टीम ने सेक्टर 53 और वजीराबाद इलाकों में HSVP की सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया। साथ ही भारी मशीनरी का इस्तेमाल कर जमीन को भी समतल कर दिया।
दो हिस्ट्रीशीटर अपराधी रहे निशाने पर
इस बारे में प्रशासन की तरफ से जारी एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि इस कार्रवाई का निशाना मुख्य रूप से दो अपराधी थे, जिनके नाम वीरेंद्र उर्फ लिलू और तरुण उर्फ मोनू उर्फ नंबरदार हैं। ये दोनों ही वजीराबाद गांव के रहने वाले हैं।
दोनों आरोपियों पर कई गंभीर अपराध के मामले दर्ज
दोनों आरोपियों की जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बताया कि ये दोनों हिस्ट्रीशीटर हैं, और इन दोनों का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर किस्म रहा है। इन दोनों पर हिंसा, चोरी, नशीले पदार्थों की तस्करी और रंगदारी मांगने जैसे कई अपराध दर्ज हैं, और ये कई बार जेल भी जा चुके हैं।
सरकारी जमीन पर अवैध ढांचे बनाकर वसूलते थे किराया
जांच के दौरान पता चला कि इन दोनों ने सरकारी जमीन पर अवैध झुग्गियां बना रखी थीं। वे गरीबों से अवैध किराया वसूलते थे और इन जगहों का इस्तेमाल अपनी आपराधिक गतिविधियों को चलाने के लिए करते थे। पुलिस ने जब कार्रवाई को अंजाम दिया उस वक्त इस टीम के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट RS बाथ और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारी भी मौजूद रहे।
सोशल मीडिया पर भी दी जानकारी
गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा, 'गुरुग्राम पुलिस सार्वजनिक जमीनों की रक्षा करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को शोषण से बचाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। एक अपराध-मुक्त और सुरक्षित गुरुग्राम सुनिश्चित करने के लिए, खुफिया सूचना पर आधारित ऐसे सख्त अभियान भविष्य में और भी ज्यादा तेजी के साथ जारी रहेंगे।'




साइन इन