द्वारका एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड के लिए गुरुग्राम के 2 गांवों की जमीन का होगा अधिग्रहण
गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के सीपीआर हिस्से सर्विस रोड निर्माण के लिए दो गांवों की जमीन का अधिग्रहण होगा। एचएसआईआईडीसी ने जमीन का सर्वे करके रिपोर्ट जीएमडीए को सौंप दी है, जिसकी जांच चल रही है।

गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के सीपीआर हिस्से (सेक्टर-84 गोल चक्कर से लेकर खेड़की दौला तक) सर्विस रोड निर्माण के लिए दो गांवों की जमीन का अधिग्रहण होगा। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने जमीन का सर्वे करके रिपोर्ट गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) को सौंप दी है, जिसकी जांच चल रही है।
एचएसआईआईडीसी ने सीपीआर के पास करीब एक हजार एकड़ में ग्लोबल सिटी विकसित करने की योजना बनाई है। इस ग्लोबल सिटी में रिहायशी, व्यावसायिक और औद्योगिक इकाईयों का निर्माण किया जाएगा। मौजूदा समय में ग्लोबल सिटी, द्वारका एक्सप्रेसवे और दिल्ली-जयपुर हाईवे से जुड़ी नहीं है।
हरियाणा सरकार ने आदेश जारी किए थे कि ग्लोबल सिटी को इन दोनों से जोड़ा जाए। पहले चरण में द्वारका एक्सप्रेसवे से ग्लोबल सिटी को सर्विस रोड के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इससे एक्सप्रेसवे पर वाहनों का सीधा प्रवेश और निकासी नहीं होगी, जिससे सड़क हादसा होने की संभावना नहीं बनेंगी।
12 मीटर चौड़ी सर्विस रोड तैयार बनाने को जमीन का सर्वे
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की हरी झंडी मिलने के बाद एचएसआईआईडीसी ने 12 मीटर चौड़ी सर्विस रोड तैयार करने के लिए जमीन का सर्वे कर लिया है। इसके निर्माण के लिए गांव सिंही की 4.28 एकड़, जबकि गांव मोहम्मदपुर झाड़सा की 3.74 एकड़ जमीन की जरूरत है। एचएसआईआईडीसी ने रिपोर्ट को जीएमडीए को भेज दिया है। जीएमडीए की तरफ से पड़ताल करने के बाद जमीन अधिग्रहण के प्रस्ताव को एनएचएआई के पास भेज दिया जाएगा। एनएचएआई की तरफ से जमीन मालिकों को जमीन अधिग्रहण के नोटिस जारी किए जाएंगे।
एक बिल्डर ने बनाई सर्विस रोड
इस सर्विस रोड पर एक बिल्डर की रिहायशी सोसाइटी है। बिल्डर ने करीब एक किमी लंबी सर्विस रोड को निशुल्क तैयार किया है। जीएमडीए ने इस बिल्डर को सर्विस रोड के निर्माण की मंजूरी दी थी। रिहायशी सोसाइटी में फ्लैट की अच्छी कीमतों पर बिक्री के चक्कर में इस बिल्डर ने सर्विस रोड का निर्माण कर दिया है। इसमें कुछ जमीन बिल्डर की थी तो कुछ जमीन जीएमडीए के पास थी।
एवीएल 36 सोसाइटी की तरफ रोड बनेगी
यह सर्विस रोड एवीएल 36 रिहायशी सोसाइटी की तरफ बनाई जाएगी। एक्सप्रेसवे के दूसरी तरफ सर्विस रोड का निर्माण करने की योजना नहीं है। एवीएल 36 सोसाइटी में मौजूदा समय में करीब 1400 परिवार रह रहे हैं। अभी सीपीआर से अस्थायी तौर से इस सोसाइटी को जोड़ा हुआ है। सर्विस रोड बनने के बाद इस सोसाइटी के निवासियों का सर्विस रोड से आना-जाना होगा। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।
संजीव मान, मुख्य नगर योजनाकार, जीएमडीए, ''अगले सप्ताह तक पड़ताल करने के बाद जमीन अधिग्रहण प्रस्ताव को एनएचएआई को भेज दिया जाएगा। जमीन अधिग्रहण की एवज में जमींदारों को दी जाने वाली मुआवजा राशि को जीएमडीए वहन करेगा। सर्विस रोड बनने के बाद आसपास विकसित रिहायशी सोसाइटी और गांवों को आवागमन में फायदा मिलेगा।''




साइन इन