गुरुग्राम में सड़क बनी जंग का मैदान; 2 स्कॉर्पियो के बीच टक्कर पर टक्कर- VIDEO
Gurugram Viral Video: गुरुग्राम के धनवापुर गांव में दो दोस्तों के बीच हुई बहस ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों अपनी स्कॉर्पियो गाड़ियों से एक-दूसरे को टक्कर मारने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

गुरुग्राम के धनवापुर गांव में सड़क जंग का मैदान बन गई। दो दोस्तों के बीच मामूली कहासुनी ने एक खतरनाक रूप ले लिया। दोनों ने गुस्से में आकर अपनी महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ियों से एक-दूसरे पर हमला शुरू कर दिया। दोनों ही स्कॉर्पियो गाड़ियों को एक दूसरे से टकराने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दिख रहा है कि दोनों धूल भरी सड़क पर तेज रफ्तार में बार-बार अपनी गाड़ियां टकरा रहे हैं। इससे लोग दहशत में आ गए।
एक-दूसरे को टक्कर मारती दिखीं गाड़ियां
वायरल वीडियो में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ियां बार-बार एक-दूसरे को टक्कर मारती नजर आ रही है। दोनों बोनट और किनारों से एक दूसरे से टकरा रही हैं। वहीं सरेराह हो रही इस घटना को देखकर लोग डर जाते हैं। वीडियो में दोनों स्थानीय निवासी चालक गांव की धूल भरी सड़क के बीचोंबीच हंगामा करते नजर आए।
दोनों पक्षों में समझौता
वार्ड 7 के पार्षद दिनेश दहिया ने बताया कि दोनों युवक दोस्त थे। दोनों ही साथ में समय बिताते थे। जब मामला पुलिस तक पहुंचा तो दोनों चालकों ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली। दोनों के बीच एक लिखित समझौता हुआ। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों को थाने बुलाया गया। किसी की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
कार की टक्कर से बाइक सवार घायल
वहीं एक अन्य घटना में गुरुग्राम की एक कंपनी में काम करने वाला एक युवक जब बाइक से फरीदाबाद अपने घर लौट रहा था तब गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड के खुशबू चौक पर एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। इस एक्सीडेंट में युवक को काफी गंभीर चोटें आईं और उसके शरीर की कई हड्डियां टूट गईं। घायल युवक का नाम अभिषेक आनंद है और वह मूल रूप से बिहार के बेगुसराय का रहने वाला है लेकिन अभी उसका परिवार फरीदाबाद की धीरज नगर कॉलोनी में रहता है।
कार ड्राइवर के खिलाफ केस
हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे गुरुग्राम के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद अभिषेक ने खुद अपने जीजा को फोन करके इस घटना की जानकारी दी। अभिषेक के पिता राजकुमार झा उस समय बिहार में थे लेकिन खबर मिलते ही वे दिल्ली के एम्स ट्रामा सेंटर पहुंचे जहां अभिषेक का इलाज चल रहा है। पुलिस जब अस्पताल में बयान लेने पहुंची तो पिता ने कहा कि अभी उनका बेटा बात करने की हालत में नहीं है। अस्पताल की रिपोर्ट में भी कई फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।




साइन इन