लाइक्स और व्यूज की चाह ने थाने पहुंचाया, एक्सप्रेस-वे पर स्टंट करने वाले 3 लड़के गिरफ्तार, कार भी जब्त
सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स और व्यूज के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले स्टंटबाजों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस ने बड़ा ऐक्शन लिया है। एक्सप्रेस-वे पर कार में खतरनाक स्टंट करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स और व्यूज के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले स्टंटबाजों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस ने बड़ा ऐक्शन लिया है। एक्सप्रेस-वे पर कार में खतरनाक स्टंट करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
एक्सप्रेस-वे पर मौत का खेल
मामला सिग्नेचर ग्लोबल दक्षिण कंपनी के पास एक्सप्रेस-वे का है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता था कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार तीन युवक तेज रफ्तार गाड़ी की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट कर रहे थे। इस जानलेवा लापरवाही को देखते हुए पुलिस ने मंगलवार को संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
मकान मालिक की कार का इस्तेमाल
पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 20 साल के विवेक कुमार, 20 साल के मोहम्मद सनम और 23 साल के दुर्गेश के रूप में हुई है। ये तीनों उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले हैं। गुरुग्राम के सरस्वती एनक्लेव में किराए पर रहते हैं। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने अपने मकान मालिक से उसकी स्विफ्ट कार मांगी थी। कार मिलने के बाद ये तीनों एक्सप्रेस-वे पर निकल गए और वहां रील बनाने के चक्कर में खतरनाक स्टंट करने लगे। इनमें से दुर्गेश मोबाइल की दुकान चलाता है, जबकि विवेक और सनम फिलहाल कोई काम नहीं करते हैं।
पुलिस ने जब्त की कार
गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए स्टंट में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह दूसरों की जान के लिए भी बड़ा खतरा है। सोशल मीडिया पर मशहूर होने के चक्कर में कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।




साइन इन