गुरुग्राम: ऑफिस की बिल्डिंग से कूदकर महिला ने दी जान, भाई बोला- पूरी सैलरी हड़प लेता था CA पति
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। महिला के परिवार ने आरोप लगाया है कि पति द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न ने उसे आत्महत्या के लिए मजबूर किया।

गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सेक्टर-65 में एक प्राइवेट कंपनी की सीनियर अकाउंट एग्जीक्यूटिव ने ऑफिस की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। महिला के परिवार ने आरोप लगाया है कि पति द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न ने उसे आत्महत्या के लिए मजबूर किया।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर 65 थाने में मृतका के पति और ससुराल वालों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर दर्ज की गई है। इसके बाद पुलिस ने मेरठ निवासी पति अमित सिंघल को गिरफ्तार कर लिया, जो पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट है। पुलिस ने बताया कि मूल रूप से देहरादून की रहने वाली मृतका जागृति बारी सिंघल, कंपनी में करीब 12 लाख रुपये सालाना के पैकेज पर काम कर रही थी। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पांचवीं मंजिल पर थी फिर अचानक
पुलिस के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 2 बजे जागृति 'वर्ल्डमार्क' बिल्डिंग स्थित अपने ऑफिस की पांचवीं मंजिल पर थी और मोबाइल फोन पर बात करते समय उसने अचानक वहां से छलांग लगा दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि जागृति ने नवंबर 2023 में अमित सिंघल से लव मैरिज की थी। शादी के बाद से ही वह काम के सिलसिले में रोजाना गुरुग्राम और मेरठ के बीच यात्रा कर रही थी और उसका अपने पति के साथ मनमुटाव चल रहा था।
मृतक महिला के भाई ने क्या बताया?
मृतक महिला के भाई हार्दिक बारी ने बताया कि ‘"शादी के बाद से ही जागृति के ससुराल वाले उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। उसका पति अमित उसकी पूरी सैलरी जबरन अपने पास रख लेता था और उसे खर्च के लिए कोई पैसा नहीं देता था। शादी के कुछ दिनों के भीतर ही उसे पीटा जाने लगा। घर के छोटे-मोटे कामों और मामूली विवादों को लेकर उसके साथ मारपीट की जाती थी।’
वहीं गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता ने बताया, 'गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।' बहरहाल इस घटना ने एक बार फिर ससुराल में महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा के मुद्दों को गरमा दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन