नमाज स्थल से स्वच्छता और सामाजिक सौहार्द की शुरुआत
गुरुग्राम में जुमे की नमाज के दौरान इमाम संगठन ने कुर्बानी के समय साफ-सफाई और सामाजिक सौहार्द का विशेष ध्यान रखने का अभियान शुरू किया। उन्होंने अपील की कि धार्मिक स्थलों के आसपास मीट की दुकानें न लगाई जाएं और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए। ईद-उल-अजहा 28 मई को मनाई जाएगी।

गुरुग्राम, अमर मौर्य। सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली मैदान में शुक्रवार को जुमे की नमाज पढ़ी गई। बड़ी संख्या में नमाजियों को गुरुग्राम इमाम संगठन के अध्यक्ष मुफ़्ती अब्दुल हसीब क़ासमी ने स्वच्छता, सामाजिक सौहार्द, जिम्मेदार कुर्बानी और कानून पालन का एक विशेष जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने नमाजियों से अपील की कि ईद-उल-अजहा के अवसर पर कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। कहीं भी गंदगी न फैलाएं और इस बात का ध्यान रखें कि किसी भी व्यक्ति, पड़ोसी या राहगीर को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि धार्मिक स्थलों, खासकर मंदिरों के आसपास किसी भी प्रकार की मीट अथवा पशु कटान संबंधी दुकानें बिल्कुल न लगाई जाएं, तथा प्रशासन एवं सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन किया जाए। बिना अनुमति कोई कार्य न किया जाए। सभी लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए शहर की शांति, सौहार्द और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें。
शहर की साफ-सफाई पर जोर दिया:
डीटीपी आरएस भाट और नमाजियों द्वारा दिए गए संदेश के बारे में कहा गया कि गुरुग्राम शहर की साफ-सफाई और सुंदरता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस्लाम में सफाई को बहुत महत्व दिया गया है। इस दौरान समाजसेवी डॉ. शौकीन ने कहा कि हम सभी को प्रेम, भाईचारे और देशहित की भावना के साथ जीवन जीना चाहिए। हमें नियमों, कानूनों और सामाजिक कर्तव्यों का पालन करते हुए देशहित में कार्य करना चाहिए। सच्ची कुर्बानी वही है, जो इंसान समाज, देश और मानवता की भलाई के लिए अपने स्वार्थों का त्याग करके दे।
ईद-उल-अजहा 28 मई को:
शहर काजी मुफ्ती हसीब ने घोषणा करते हुए कहा कि ईद-उल-अज़हा 28 मई दिन गुरुवार को मनाई जाएगी। उन्होंने अपील की कि ईद के दौरान शहर की साफ-सफाई बनाए रखना, धार्मिक स्थलों के आसपास मीट की दुकानें न लगाना, प्रशासनिक नियमों का पालन करना और आपसी भाईचारे को मजबूत करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। अपील की गई कि ईद-उल-अजहा को प्रेम, शांति, स्वच्छता, जिम्मेदारी और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन