74 KM लंबे ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे का काम शुरू, यहां जुड़ेंगे गंगा-यमुना एक्सप्रेसवे
उत्तर प्रदेश के जेवर में बन रहे नोएडा एयरपोर्ट को यमुना एक्सप्रेसवे के जरिये गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके लिए ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे की मार्किंग का काम शुरू हो गया है।

उत्तर प्रदेश के जेवर में बन रहे नोएडा एयरपोर्ट को यमुना एक्सप्रेसवे के जरिये गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके लिए ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे की मार्किंग का काम शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने 74.3 किलोमीटर लंबे ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए अधिसूचित जमीन की मार्किंग का काम शुरू कर दिया है। यह लिंक एक्सप्रेसवे गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर के 56 गांव की भूमि पर बनेगा। इसे फिल्म सिटी के पास यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा।
गंगा और यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेसवे बनना है। यह 120 मीटर चौड़ा लिंक एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे पर 44.3 किलोमीटर यानी बुलंदशहर के सियाना क्षेत्र में शुरू होगा और यमुना एक्सप्रेसवे के 24.8 किलोमीटर यानी सेक्टर-21 फिल्म सिटी के पास आकर जुड़ेगा। पहले इसकी लंबाई 83 किलोमीटर थी, लेकिन एलाइंमेंट में बदलाव के बाद इसे सेक्टर से बचाते हुए इसे सेक्टर-21 में जोड़ने की योजना तैयार की गई है। इससे लंबाई करीब 8.7 किलोमीटर कम हो गई। लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण गौतमबुद्ध नगर के 8 गांव और बुलंदशहर के 48 गांवों की जमीन पर होगा। इनमें 14 गांव खुर्जा तहसील के हैं, बाकी बुलंदशहर, सियाना और शिकारपुर तहसील के रहेंगे। एक्सप्रेसवे के निर्माण को लेकर मार्किंग शुरू कर दी गई है। ये परियोजना करीब 4000 करोड़ रुपये में पूरी होगी।
बैनामों पर रोक लगाने के लिए पत्र भेजा : मार्किंग के बाद अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ऐसे में यूपीडा ने अधिसूचित जमीन की खरीद-फरोख्त बंद करने के लिए दोनों जिलों के प्रशासन को भूमि के बैनामों पर रोक लगाने के लिए पत्र भी भेजा है। यदि अब लिंक एक्सप्रेसवे की जमीन की खरीद-फरोख्त होती पाई जाती है तो अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
दिल्ली-मुंबई समेत आगरा तक राह आसान होगी
मेरठ से प्रयागराज तक बन रहे गंगा एक्सप्रेसवे के यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ने के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर आगरा से ग्रेटर नोएडा तक की राह आसान हो जाएगी। इस एक्सप्रेसवे के जरिए मेरठ से प्रयागराज तक भी सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। नोएडा एयरपोर्ट से जुड़ने पर गंगा एक्सप्रेसवे की उपयोगिता और बढ़ जाएगी। इसके अलावा लिंक एक्सप्रेसवे का यमुना सिटी के औद्योगिक सेक्टर-28, 29, 32, 33 से भी सीधा जुड़ाव होगा, जिससे कार्गो के वाहनों को एयरपोर्ट तक पहुंचने या इससे जुड़े किसी भी रूट पर पहुंचना आसान हो जाएगा। इसके साथ ही लिंक एक्सप्रेसवे को एनएच-34 से भी जोड़ा जा सकता है।




साइन इन