Green field link expressway will pass through 56 villages of Gautam Buddha Nagar-Bulandshahr, ban on land deed ban गौतमबुद्धनगर-बुलंदशहर के 56 गांवों से गुजरेगा ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे, जमीन के बैनामों पर लगी रोक, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गौतमबुद्धनगर-बुलंदशहर के 56 गांवों से गुजरेगा ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे, जमीन के बैनामों पर लगी रोक

जेवर एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है। यूपीडा ने 74.3 किलोमीटर लंबे ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए अधिसूचित जमीन की बढ़ती खरीद-फरोख्त को देखते हुए अब बैनामों पर रोक के आदेश दिए हैं।

Mon, 30 June 2025 07:18 AMPraveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा। हिन्दुस्तान
share
गौतमबुद्धनगर-बुलंदशहर के 56 गांवों से गुजरेगा ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे, जमीन के बैनामों पर लगी रोक

उत्तर प्रदेश के जेवर में बन रहे नोएडा एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने 74.3 किलोमीटर लंबे ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए अधिसूचित जमीन की बढ़ती खरीद-फरोख्त को देखते हुए अब बैनामों पर रोक के आदेश दिए हैं।

यह लिंक एक्सप्रेसवे गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर के 56 गांव की भूमि पर बनेगा। गंगा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेसवे बनना है। यह 120 मीटर चौड़ा लिंक एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे पर 44.3 किलोमीटर यानी बुलंदशहर के सियाना क्षेत्र से शुरू होगा और यमुना एक्सप्रेसवे के 24.8 किलोमीटर यानी सेक्टर-21 फिल्म सिटी के पास आकर जुड़ेगा। खास बात यह है कि लिंक एक्सप्रेसवे अब यमुना सिटी के किसी भी सेक्टर को काटकर नहीं जाएगा। पहले यह सेक्टरों के बीच से गुजर रहा था।

पहले इसकी लंबाई 83 किलोमीटर थी, इसका दोबारा से अलाइंमेंट तैयार हुआ था, जिससे सेक्टरों को बचाते हुए इसे सेक्टर-21 में जोड़ने की योजना है। लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण कुल 56 गांवों की भूमि पर होगा, जिनमें गौतमबुद्ध नगर के 8 गांव और बुलंदशहर के 48 गांव हैं। इनमें 14 गांव खुर्जा तहसील के हैं, बाकी बुलंदशहर, सियाना और शिकारपुर तहसील के रहेंगे।

लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण को लेकर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऐसे में यूपीडा ने अधिसूचित जमीन की खरीद फरोख्त बंद करने के लिए भूमि के बैनामों पर रोक लगाने के आदेश दिए हैं। यदि लिंक एक्सप्रेसवे की जमीन की खरीद फरोख्त होती पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होगी। बता दें कि यह परियोजना करीब 4000 करोड़ रुपये की लागत से पूरी की जाएगी।

दिल्ली-मुंबई समेत आगरा तक राह आसान होगी

मेरठ से प्रयागराज तक बन रहे गंगा एक्सप्रेसवे के यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ने के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर आगरा से ग्रेटर नोएडा तक की राह आसान हो जाएगी। साथ ही, देश-विदेश से आने वाले यात्रियों को इस एक्सप्रेसवे के जरिए मेरठ से प्रयागराज तक भी सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। नोएडा एयरपोर्ट से जुड़ने पर गंगा एक्सप्रेसवे की उपयोगिता और बढ़ जाएगी। इसके अलावा लिंक एक्सप्रेसवे का यमुना सिटी के औद्योगिक सेक्टर-28, 29, 32, 33 से भी सीधा जुड़ाव होगा, जिससे कार्गो के वाहनों को एयरपोर्ट तक पहुंचने या इससे जुड़े किसी भी रूट पर पहुंचना आसान हो जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।