ग्रेटर नोएडा में 6-लेन की बनेगी यह सड़क; ऐच्छर टी-पॉइंट होगा बंद, बनेंगे दो नए यू-टर्न
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 आईटीबीपी गोलचक्कर से नटो की मड़ैया तक की सड़क को छह लेन का किया जाएगा। इस रास्ते पर स्थित ऐच्छर टी पॉइंट को बंद कर दो यूटर्न बनाए जाएंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सर्वेक्षण के बाद इसकी तैयारी शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 आईटीबीपी गोलचक्कर से नटो की मड़ैया तक की सड़क को छह लेन का किया जाएगा। इस रास्ते पर स्थित ऐच्छर टी पॉइंट को बंद कर दो यूटर्न बनाए जाएंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सर्वेक्षण के बाद इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम ने बताया कि आईटीबीपी गोलचक्कर से नटो की मड़ैया गोलचक्कर तक की सड़क अभी चार लेन की है। योजना के तहत सेंट्रल वर्ज की चौड़ाई कम कर दोनों तरफ एक-एक नई लेन बनाई जाएगी। इसके बाद यह सड़क छह लेन की हो जाएगी। इससे जाम की समस्या दूर हो जाएगी। अभी ऐच्छर टी-पॉइंट के पास बड़ी संख्या में लोग गलत दिशा में चलते हैं। ऐसे में हादसे की आशंका बनी रहती है। इस रास्ते से होकर साइट-4 स्थित ग्रांड वेनिस मॉल और फैक्ट्रियों में जाने वाले लोग टी-पॉइंट से गलत दिशा में वाहन चलाते हैं।
इसको देखते हुए प्राधिकरण के उच्चाधिकारियों ने ऐच्छर टी-पॉइंट को बंद कर दो यूटर्न बनाने का निर्णय लिया है। इनके बनने से सेक्टर-36, 37 और औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-1 और साइट-4 की तरफ जाना आसान हो जाएगा। इस पर आने वाले खर्च का आकलन कर जल्द टेंडर जारी किया जाएगा। वरिष्ठ प्रबंधक ने बताया कि बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए सड़कों को धूल रहित बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसकी कड़ी में आईटीबीपी गोलचक्कर से नटो की मड़ैया तक की सड़क को भी धूल रहित बनाने के लिए खाली जगह पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएंगी।
आईटीबीपी गोलचक्कर का आकार छोटा होगा
शहर को जाम मुक्त बनाने की योजना के तहत आईटीबीपी गोलचक्कर का आकार भी छोटा किया जा रहा है। यह काम दो से तीन माह में पूरा हो जाएगा। गोलचक्कर की चौड़ाई परिधि में यानी चारों तरफ 2.5 मीटर और चारों डिवाइडर की लंबाई 2.7 मीटर कम की जा रही है।
सर्विस मार्ग भी बनेगा
विप्रो से आईटीबीपी गोलचक्कर तक लगभग दो किलोमीटर लंबी सर्विस रोड का निर्माण जल्द किया जाएगा। इससे गोदरेज समेत आसपास की अन्य सोसाइटियों और सेक्टरों में आना-जाना आसान हो जाएगा। इसकी निविदा जारी की जा चुकी है। प्रथम चरण में गोदरेज सोसाइटी की तरफ की सड़क बनाई जाएगी। इस पर लगभग 5.23 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
ये काम भी होंगे
ग्रेटर नोएडा के परियोजना विभाग के अधिकारी के मुताबिक रामपुर गोलचक्कर का आकार भी छोटा किया जाएगा। इसकी चौड़ाई 2.5 मीटर और चारों डिवाइडर की लंबाई 3.3 मीटर कम की जाएगी। इससे गोलचक्कर के पास भी सड़क चौड़ी हो जाएगी। आसपास के सर्विस मार्ग को भी दुरुस्त कर मुख्य सड़क से जोड़ा जाएगा। सेक्टर बीटा-1 के इंट्री पॉइंट को पीछे किया जाएगा।
रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा, ''शहर की व्यस्त सड़कों को चौड़ा करने की योजना पर काम चल रहा है। इसके लिए परियोजना विभाग के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। आईटीबीपी गोलचक्कर से नटो की मड़ैया तक की सड़क को छह लेन का किया जाएगा। इस रास्ते पर दो यूटर्न भी बनाए जाएंगे।''




साइन इन