सपा नेता राजकुमार भाटी ने ब्राह्मणों को क्या कह डाला, गाजियाबाद में FIR; मांगी माफी
सपा नेता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज पर की गई विवादित टिप्पणी से भारी आक्रोश है। गाजियाबाद में उनके खिलाफ FIR दर्ज हुई है। इस बयान के विरोध में 15 मई को दादरी में एक विशाल महापंचायत बुलाई गई है।

सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी की ओर से ब्राह्मण समाज पर की गई एक आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इस विवादित टिप्पणी के विरोध में भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा की शिकायत पर गाजियाबाद के कविनगर थाने में FIR दर्ज की गई है। इस विवाद के चलते 12 मई को दादरी में एक बैठक भी आयोजित की गई जिसमें भाटी के बयानों को सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला बताया गया। समाज में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए 15 मई को दादरी की परशुराम धर्मशाला में एक विशाल महापंचायत बुलाने का निर्णय लिया गया है, जिसमें सर्व समाज के लोग शामिल होंगे।
भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा की ओर से दी गई शिकायत पर दर्ज की गई एफआईआर में कहा गया है कि समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने ब्राह्मण समाज की तुलना … से की है। उन्होंने कहा है कि ब्राह्मण तो … से भी बुरे हैं। उनका बयान सोशल मीडिया पर है। ऐसी अपमानजनक और अशोभनीय टिप्पणी से पूरा ब्राह्मण समाज आक्रोशित है। ऐसे बयानों से समाज में वैमनस्य और टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है।
क्या बोला था भाटी ने?
एफआईआर में राजकुमार भाटी के बयान का भी उल्लेख है। एफआईआर में लिखा है कि राजकुमार भाटी ने कहा है कि ‘ब्राह्मण भला न … इनमें भला न कोय। कोई-कोई … तो भली, ब्राह्मण भला न कोय।।’ शिकायत में पुलिस अधिकारी से प्रार्थना की गई है कि राजकुमार भाटी के खिलाफ ऐसी कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए जिससे संदेश जाए कि किसी भी जाति या समाज पर बयान देते वक्त शब्दों का चयन सही तरीके से किया जाए।
दादरी में हुई बैठक
वहीं ब्रह्मपुरी दादरी में आज 12 मई को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें राजकुमार भाटी के विवादित बयान पर तीखा आक्रोश व्यक्त किया गया। बैठक में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भाग लिया और इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला बयान बताया।
महापंचायत का ऐलान
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 15 मई, दिन शुक्रवार को शाम 4 बजे भगवान परशुराम धर्मशाला, निकट देवी मंदिर, ब्रह्मपुरी दादरी, गौतमबुद्धनगर में एक विशाल महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य लोग एवं सर्व समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे। वरिष्ठ ब्राह्मण नेता पंडित पीताम्बर शर्मा ने कहा कि समाज को बांटने और एक वर्ग विशेष को अपमानित करने वाली राजनीति अब ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है।
बिगड़ सकता है समाज का ताना-बाना
उन्होंने कहा कि राजकुमार भाटी लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं, जिससे समाज में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ऐसे बयानों से सामाजिक ताना बाना बिगड़ सकता है। समाज में वैमनस्यता फैलाने वाले बयान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किए जाएंगे। महापंचायत सामाजिक एकता, सम्मान और सौहार्द के पक्ष में एक बड़ा संदेश देने का काम करेगी।
भाटी ने मांगी माफी
इस बीच राजकुमार भाटी ने अपनी टिप्पणी पर माफी भी मांग ली है। उन्होंने कहा है कि मेरे 12 मिनट के भाषा से एक सात सेकेंड की क्लिप काट कर मेरे खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि मैंने ब्राह्मण समाज के खिलाफ अपशब्द बोले हैं जबकि ऐसा नहीं है। यदि मेरी टिप्पणी से किसी को चोट पहुंची है तो सबसे पहले मैं ब्राह्मण भाईयों से बिना शर्त माफी मांगता हूं। मेरा कोई ऐसा इरादा नहीं था। मैं ब्राह्मण जाति का सम्मान करता हूं।
मैं तो ऐसी बातों का कर रहा था विरोध
राजकुमार भाटी ने आगे कहा कि ब्राह्मण समाज में एक से एक विद्वान, एक से एक राष्ट्रभक्त और एक से एक वीर योद्धा हुए हैं। मैं किसी भी समाज का अपमान करने के बारे में सोच नहीं सकता हूं। मैंने जिस कार्यक्रम में उक्त टिप्पणी की वह मुहावरों पर ही केंद्रित था। मैंने कहा था कि हमारे समाज में एक बुराई है कि हमनें जातियों को लेकर खराब-खराब मुहावरे बना रखे हैं। ये मुहावरे सभी जातियों के खिलाफ बने हैं जो गलत हैं। मैं ऐसे मुहावरों को गलत बता रहा था। उसी बयान की एक क्लिप वायरल कर दी गई। यह दोहा गलत और अपमानजनक है। मैं इसका विरोध करता हूं। मुझे इसका जिक्र नहीं करना चाहिए था। मैं इसके लिए माफी मांगता हूं।




साइन इन