गाजियाबाद: लोनी थाने के बाहर खड़ी सीज गाड़ियां बनीं 'आग का गोला', दर्जनों वाहन जलकर खाक
गाजियाबाद के लोनी थाना परिसर के बाहर शनिवार की रात उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में सीज किए गए वाहनों के ढेर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दर्जनों वाहन इसकी चपेट में आ गए।

गाजियाबाद के लोनी थाने के बाहर खड़े सीज किए गए वाहनों में शनिवार रात अचानक आग लग गई। इस घटना में दर्जनों गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। आग की सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियो ने दमकल की तीन गाड़ियों के जरिये कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। थाने के सामने खड़ी गाड़ियों में आग लगने की सूचना पर लोनी विधायक और एसीपी लोनी भी मौके पर पहुंचे गए।
विधायक और एसीपी भी मौके पर पहुंचे
दिल्ली-सहारनपुर रोड स्थित लोनी थाने के पास खड़े सीज वाहनों में शनिवार रात करीब 9:50 बजे भीषण आग लग गई। लोगों ने घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी। आग लगने से थाने में तैनात कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने राहगीरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, कुछ ही समय में आग में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की सूचना पर विधायक नंदकिशोर गुर्जर और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) लोनी सिद्धार्थ गौतम मौके पर पहुंचे। वहीं मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने अधिकारियों को घटना की जानकारी देकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
1 घंटे में आग पर पाया काबू
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर साहिबाबाद फायर स्टेशन से एक फायर टेंडर घटनास्थल की ओर रवाना किया गया। हालांकि, दमकल कर्मियों ने तीन गाड़ियों से पानी डालकर आग पर करीब 1 घंटे में काबू पा लिया। इसके चलते साहिबाबाद से आ रहे फायर टेंडर को रास्ते से वापस लौटा दिया गया।
घटना में कोई हताहत नहीं
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि लोनी थाने के पास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में खड़ी पांच खराब एंबुलेंस में आग लगी थी। कुछ ही समय में आग थाने के पास खड़े सीज किए गए वाहनों तक पहुंच गई। इसके चलते मौके पर मौजूद 1 मिनी बस, दो डीसीएम, दो ट्रैक्टर, चार ऑटो और 22 कार जल गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन