अल फलाह यूनिवर्सिटी पर ED की बड़ी कार्रवाई, 140 करोड़ रु की संपत्ति जब्त; चार्जशीट भी दाखिल
सिद्दीकी को नवंबर में ईडी ने उनके ट्रस्ट द्वारा संचालित शिक्षण संस्थानों के छात्रों के साथ धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद यूनिवर्सिटी की देशभर में फैली चल और अचल संपत्तियों की पहचान करना शुरू कर दिया था।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी की करीब 140 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त कर लिया है। इसके साथ ही अल फलाह ग्रुप के चेयरमैन जावेद अहमद सिद्दीकी और उनके ट्रस्ट के खिलाफ चार्जशीट भी दायर की गई है। बीते 10 नवंबर को लाल किला एरिया में ब्लास्ट के बाद यूनिवर्सिटी के आतंकी लिंक पाए गए थे। इसके बाद सुरक्षा एजेंसी यूनिवर्सिटी पर लगातार शिकंजा कसती जा रही हैं।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक ताजा कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग कानून (PMLA) के तहत की गई है। फरीदाबाद के धौज क्षेत्र में स्थित यूनिवर्सिटी की 54 एकड़ जमीन, यूनिवर्सिटी की इमारतें, स्कूलों, विभागों से संबंधित इमारतें और हॉस्टल को जब्त कर लिया गया है।
यूनिवर्सिटी के पास वैध मान्यता नहीं
सिद्दीकी को नवंबर में ईडी ने उनके ट्रस्ट द्वारा संचालित शिक्षण संस्थानों के छात्रों के साथ धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद यूनिवर्सिटी की देशभर में फैली चल और अचल संपत्तियों की पहचान करना शुरू कर दिया था। एजेंसी ने दावा किया था कि यूनिवर्सिटी के पास वैध मान्यता (NAAC) नहीं है।

करोड़ों के खेल का शक
सिद्दीकी और अल फलाह ट्रस्ट के खिलाफ स्पेशल पीएमएलए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों को आरोपी बनाया गया है और ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग कानून (PMLA) के तहत मुकदमा चलाने की मांग की है। ईडी का दावा है कि सिद्दीकी के निर्देश पर यूनिवर्सिटी के वैध मान्यता होने का झूठा दावा किया गया था ताकि ज्यादा से ज्यादा स्टूडेंट्स दाखिला ले सकें और उनसे कम से कम 415.10 करोड़ रुपये की आय अर्जित की गई।
ब्लास्ट में हुई थी 15 लोगों की मौत
अल-फलाह विवादों के घेर में तब आई जब कॉलेज के डॉक्टर उमर उन नबी ने पिछले साल 10 नवंबर को दिल्ली में लाल किले के पास खुद को विस्फोटकों से भरी कार में उड़ा लिया था। इस ब्लास्ट में 15 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद जांच एजेंसियों ने तीन डॉक्टरों सहित कम से कम 10 लोगों को गिरफ्तार किया।




साइन इन