DTC बस स्टैंड के कारण 22 जगहों पर लग रहा जाम, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सर्वे में खुलासा
दिल्ली में आए दिन लग रहे जाम की एक वजह डीटीसी के बस स्टैंड भी हैं। ट्रैफिक पुलिस की ओर से किए गए सर्वे में यह बात सामने आई है। सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में 22 ऐसे बस स्टैंड हैं जहां पर बसों के रुकने की कारण जाम लगता है।

राजधानी दिल्ली में आए दिन लग रहे जाम की एक वजह डीटीसी के बस स्टैंड भी हैं। ट्रैफिक पुलिस की ओर से किए गए सर्वे में यह बात सामने आई है। सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में 22 ऐसे बस स्टैंड हैं जहां पर बसों के रुकने की कारण जाम लगता है। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने डीटीसी को रिपोर्ट भेजकर इन बस स्टैंड को शिफ्ट करने को कहा है। डीटीसी ने भी इसके लिए भौतिक सर्वे शुरू कर दिया है।
दिल्ली में यातायात को सुगम बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कुछ महीनों पहले यह सर्वे कराया था। इनमें न सिर्फ डीटीसी के बस स्टैंड, बल्कि सड़कों के क्षतिग्रस्त होने, सड़कों पर जेब्रा क्रॉसिंग न होने और वाहन चालकों को निर्देशित करने वाले संकेतकों के अभाव को यातायात बाधित होने का प्रमुख कारण माना गया।
इनमें डीटीसी के बस स्टैंड को जाम की मुख्य वजह पाया गया। ये स्टैंड ऐसी स्थान पर बनाए गए हैं जहां फ्लाईओवर होने की वजह से या तिराहों-चौराहों की वजह से ट्रैफिक एक जगह एकत्र होता है। बसें रुकने के कारण पीछे जाम लग जाता है और यह स्थिति दिनभर बनी रहती है। यातायात पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक इन 22 स्थानों पर यातायात सुगम तभी हो सकता है जब इन बस स्टैंड को 100-200 मीटर आगे या पीछे शिफ्ट किया जाए।
जानकारी के मुताबिक, जाम लगने के कारण न सिर्फ बस यात्रियों को परेशानी हो रही है बल्कि वह तय समय पर कहीं पहुंच भी नहीं पा रहे हैं।
इन बस स्टैंड को हटाने की सिफारिश
● रंगपुरी बस स्टैंड
● राजनगर बस स्टैंड
● सागरपुर मार्ग पर स्थित स्टैंड
● द्वारका मोड स्थित बस स्टैंड
● सफदरजंग अस्पताल बस स्टैंड
● निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन रोड पर बना स्टैंड
● मोदी मिल फ्लाईओवर के नीचे बना स्टैंड
● लोहा मंडी के पास स्थित स्टैंड
● लाल बहादुर शास्त्री मार्ग स्थित स्टैंड
● जोसिफ ब्रोज टीटो मार्ग स्थित स्टैंड
● दिल्ली गेट बस स्टैंड
● सिविक सेंटर के सामने बना स्टैंड
● जल बोर्ड के पास बना स्टैंड
● रेडियो कॉलोनी के पास का स्टैंड
● लिबासपुर बस स्टैंड
● खाटू श्याम बस स्टैंड
● बाकौली बस स्टैंड
● गांधी नगर बस स्टैंड
नौ साल में 77 बस स्टैंड शिफ्ट किए गए
दिल्ली में यातायात में बाधक बन रहे बस स्टैंड इससे पहले भी शिफ्ट किए जा चुके हैं। डीटीसी के मुताबिक, 2016 में 77 ऐसे बस स्टैंड चिह्नित किए गए थे, जिन्हें जाम का कारण माना गया था। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की रिपोर्ट के बाद इन स्टैंड को हटाया जा चुका है। अब नए सिरे से किए गए सर्वे में ये 22 बस स्टैंड चिह्नित किए गए हैं। अब टीम इन पर काम करेगी और समाधान किया जाएगा।
फिजिबिलिटी रिपोर्ट के बाद उठाएंगे कदम
डीटीसी अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट मिली है, उस पर काम किया जा रहा है। इन बस स्टैंड को शिफ्ट करने से पहले फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी। यह देखा जाएगा कि जिन बस स्टैंड को शिफ्ट करने के लिए कहा गया है, उन्हें 100-200 मीटर आगे या पीछे ले जाने के लिए पर्याप्त स्थान है या नहीं। फिजिबिलिटी रिपोर्ट के आधार पर उनके स्थान परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू होगी।
कई रूट भी परिवर्तित करने की सिफारिश
पुलिस ने बवाना चौक समेत कई रूटों पर बसों के रूट में परिवर्तन करने का भी सुझाव भेजा है। इसमें वैकल्पिक रूट भी सुझाए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक चेम्सफोर्ड रोड और फैज रोड की कुछ बसों के रूट में परिवर्तन करने को कहा गया है। इसके अलावा कई स्थानों पर बसों को सर्विस लेन पर रोके जाने व निगरानी के लिए कैमरे लगाने को भी कहा गया है। अतिक्रमण हटाने के लिए भी कहा गया है।




साइन इन