दिल्ली मेट्रो का बड़ा तोहफा! अब स्टेशनों से मिलेगी सस्ती 'भारत टैक्सी', घर जाना होगा आसान
दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों को घर तक किफायती सफर देने के लिए 'भारत टैक्सी' के साथ समझौता किया है। पहले चरण में 10 प्रमुख स्टेशनों से बाइक, ऑटो और कैब की सुविधा मिलेगी, जिससे प्रदूषण भी कम होगा।

अब मेट्रो के प्रमुख स्टेशनों से यात्रियों को अपने घरों तक जाने के लिए किफायती दर पर भारत टैक्सी मिलेगी। इसके लिए डीएमआरसी ने बुधवार को सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड के साथ एमओयू साइन किया।
10 स्टेशनों से शुरू होगी सेवा
डीएमआरसी के मुताबिक, शुरुआती चरण में मेट्रो के 10 बड़े स्टेशनों से यह सेवा शुरू होगी, लेकिन पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर अभी दो स्टेशनों से इस सेवा को शुरू किया जा रहा है। डीएमआरसी के प्रवक्ता ने बताया कि मेट्रो स्टेशनों से इंटीग्रेटेड लास्ट माइल कनेक्टिविटी सर्विस शुरू होने पर यात्रियों को सुविधा होगी। इससे एनसीआर के शहरी इलाकों में बिना रुकावट के लोग आवागमन कर सकेंगे। इस पहल का मकसद दिल्ली मेट्रो नेटवर्क को बेहतर बनाना है। दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या को दूर करने के लिए पर्यावरण अनुकूल ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा दिया जाएगा।
भारत टैक्सी के साथ हुआ करार
अधिकारियों ने बताया कि डीएमआरसी ने सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) के साथ समझौता पत्र साइन किया है। भारत टैक्सी के नाम से मोबिलिटी प्लेटफॉर्म चलाने वाली यह संस्था कम पैसे में यात्रियों को यह सुविधा देगी। सहकार टैक्सी शुरू में 10 चुने हुए मेट्रो स्टेशनों से बाइक टैक्सी, ऑटो रिक्शा और कैब सर्विस चलाएगी। इसके अलावा, पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर 31 जनवरी तक मिलेनियम सिटी सेंटर और बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशनों पर खास बाइक टैक्सी सर्विस शुरू की गई है। डीएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो के निर्माण के साथ-साथ लोगों को घर तक सुरक्षित पहुंचाने की दिशा में ये प्रयास किए गए हैं। इस योजना का लाभ हजारों यात्रियों को मिलेगा।
सर्वे किया जाएगा
डीएमआरसी अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में सबसे व्यस्त 10 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को चिह्नित करने के लिए सर्वे किया जाएगा। सर्वे के बाद इसका चुनाव होगा, जिससे कि ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को इस सर्विस का लाभ मिल सके। डीएमआरसी अधिकारियों ने बताया कि लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस प्रयास से दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख मेट्रो स्टेशन से लोगों को अपने घर जाने में सहूलियत होगी। साथ ही मेट्रो का प्रयास है कि यह किफायती भी रहे।




साइन इन