क्या गांधी जी ने कहा था कि शराब की दलाली करो? केजरीवाल पर भाजपा का हमला
अरविंद केजरीवाल ने जज स्वर्ण कांता शर्मा को पक्षपाती कहते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्हें चिट्ठी लिखकर कहा कि उनसे न्याय की उम्मीद नहीं है और गांधी जी के सत्याग्रह पर चलने की बात कही। अब भाजपा ने पलटवार किया है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर हाई कोर्ट जज स्वर्ण कांता शर्मा के खिलाफ बड़ा बयान दिया है। उन्होंने पक्षपाती कहते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। केजरीवाल ने जज शर्मा को चिट्ठी लिखी और फिर वीडियो संदेश भी जारी किया। केजरीवाल ने कहा कि उन्हें जज स्वर्ण कांता शर्मा से न्याय की उम्मीद नहीं है, लेकिन वे गांधीजी के रास्ते पर चलते हुए सत्याग्रह करेंगे। यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगे। केजरीवाल ने अपनी अंतर आत्मा की आवाज बताते हुए इस तरह की बातें कहीं। अब आम आदमी पार्टी प्रमुख के बयान पर भाजपा का बयान आया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने तंज कसते हुए कहा केजरीवाल गांधीजी के सत्याग्रह की बात कर रहे हैं, क्या गांधी जी ने शराब की दलाली के लिए कहा था?
केजरीवाल के जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के भेजे लेटर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बड़ा बयान दिया है। आजतक चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि हैरानी की बात है कि अब एक अपराधी तय करेंगे कि उन्हें कोर्ट जाना है या नहीं जाना है। अरविंद केजरीवाल मामले का राजनीतिकरण कर रहे हैं। उन्होंने माननीय न्यायालय को चिट्ठी लिखी। उन्होंने माननीय न्यायाधीश पर जिस तरह से टिप्पणी की है, यह गलत है। राजनीति को उन्होंने मजाक बनाकर रख दिया है। उन्हें यह समझना पड़ेगा कि आप तीन बार मुख्यमंत्री रहे। आप किस तरह मर्यादाओं का हनन कर रहे हैं। आप आबकारी घोटाले के आरोपी हैं।
अदालत तय करेगी दोषी होंगे या नहीं, आप नहीं
माननीय न्यायालय यह तय करेंगे कि आप दोषी हैं या नहीं। पहले माननीय उच्च न्यायालय ने आपकी याचिका खारिज कर दी है। लेकिन आप अपनी तरफ से जानते हैं कि आप चोर हैं, लुटेरे हैं, आप भ्रष्टाचारी हैं। आपने शराब घोटाला किया है, लेकिन उस डर से आप न्यायाधीश पर व्यक्तिगत टिप्पणियां कर रहे हैं। इस लोकतंत्र में यह तय नहीं हो सकता कि अपराधी तय करे कि उसका जज कौन होगा?
क्या गांधीजी ने कहा था- शराब की दलाली करो?
सचदेवा ने आगे कहा कि केजरीवाल राजनीतिक मर्यादाओं का हनन कर रहे हैं। उनको कड़ा से कड़ा दंड़ मिलना चाहिए। केजरीवाल के गांधी जी के सत्याग्रह वाले बयान पर सचदेवा ने कहा कि क्या इनको गांधीजी ने कहा था कि शराब की तस्करी करो, क्या गांधी जी ने कहा था कि शराब की दुकानें बढ़ाओ... गांधी जी ने कहा था कि शराब की दलाली करो? गांधीजी ने जिन नियमों , संविधान की परंपराओं का पालन किया है... उस तरह से इन्होंने गांधीजी का अपमान किया है। ये आदमी अपने आप को गांधीजी का भक्त कहते हैं... इन लोगों को सजा मिलनी चाहिए। इन लोगों को माफी नहीं मिलनी चाहिए।
केजरीवाल ने क्या कहा है?
इससे पहले सोमवार सुबह ही केजरीवाल ने अपने ऑफिशियल X हैंडल पर वीडियो जारी किया और कई बड़े ऐलान किए। केजरीवाल ने कहा कि जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा से न्याय मिलने की उनकी उम्मीद टूट चुकी है। केजरीवाल ने कहा कि वह अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनते हुए, महात्मा गांधी के सिद्धांतों और सत्याग्रह की भावना का पालन करते हुए उन्होंने फैसला किया है कि वह इस मामले में जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की अदालत में पेश नहीं होंगे और न ही कोई दलील देंगे।
जज शर्मा पर दो गंभीर आरोप
केजरीवाल ने जज शर्मा पर दो गंभीर आरोप लगाए। पहला, उनका आरोप है कि जिस आरएसएस विचारधारा से जुड़े संगठनों पर वह और उनकी पार्टी लगातार विरोध जताते रहे हैं, उसी विचारधारा से जुड़े मंचों पर जस्टिस शर्मा चार बार गईं।
दूसरा कारण बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि इस केस में उनके खिलाफ केंद्र सरकार की एजेंसी सीबीआई है और जस्टिस शर्मा के दोनों बच्चे केंद्र सरकार के वकीलों के पैनल में शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि जो सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता इस केस में उनके खिलाफ हैं, वे ही तय करते हैं कि उनके बच्चों को कौन से केस मिलेंगे।
केजरीवाल के अनुसार, जस्टिस शर्मा के बेटे को बड़ी संख्या में केस मिले हैं, जिससे उनकी आय और पेशेवर भविष्य भी प्रभावित होता है। ऐसे में उन्होंने फिर सवाल दोहराया कि क्या उन्हें निष्पक्ष न्याय मिल पाएगा।




साइन इन