IPL टिकट ब्लैक करने वाले 4 जालसाज गिरफ्तार, रडार पर DDCA अफसर; 'नॉट फॉर सेल' वाले पास 20-20 हजार में बेचें
आरोपी पंकज यादव ने पूछताछ के दौरान बताया कि कम्प्लीमेंटरी पास जिनपर 'नॉट फॉर सेल' लिखा होता है वह उसे दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के जनरल मैनेजर और सीईओ राकेश रंजन उर्फ आरआर सिंह और उनके पर्सनल असिस्टेंट मुहैया करवाते हैं।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हाल में दिल्ली गेट इलाके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था जो कि खुद को दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) का कर्मचारी बता लोगों के साथ ठगी को अंजाम दे रहे थे। इनके पास पुलिस को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैचों के 54 टिकट थे जिनमें से 33 तो ऐसे टिकट थे जिनपर "नॉट फॉर सेल" (बिक्री के लिए नहीं) लिखा हुआ था जिन्हें प्रति टिकट 20-20 हजार रुपये के दाम में बेच रहे थे।
एनडीटीवी के मुताबिक, जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी और इस मामले में चौथे आरोपी पंकज यादव की गिरफ्तारी हुई तो चौंकाने वाली बात सामने आई। पंकज ने पूछताछ में आरोप लगाया कि उसे "नॉट फॉर सेल" लिखे पास दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के एक अधिकारी और उसके असिस्टेंट के जरिए मिलते हैं। जांच में सामने आया कि चारों आरोपी फ्लाइट के जरिए अलग-अलग आईपीएल वेन्यू पर जाते थे और टिकटों की बिक्री को अंजाम दे रहे थे।
DDCA अफसर भी रडार पर
आरोपी पंकज यादव ने पूछताछ के दौरान बताया कि कम्प्लीमेंटरी पास जिनपर 'नॉट फॉर सेल' लिखा होता है वह उसे दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के जनरल मैनेजर और सीईओ राकेश रंजन उर्फ आरआर सिंह और उनके पर्सनल असिस्टेंट मुहैया करवाते हैं।
पांचवें आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस इस मामले में अब पांचवें आरोपी की तलाश में जुटी है जिसका नाम अजय है। वह दिल्ली के अरुण जेटली स्टेटियम और लखनऊ के इकाना स्टेडियम के बाहर भी टिकट की कालाबाजारी करते हुए देखा गया है। क्रिकेट मैच की टिकटों की कालाबाजारी करने के अलावा आरोपी फिल्मों की टिकटों की भी कालाबाजारी करता है। दिल्ली में तो अजय पर टिकटों की कालाबाजारी से जुड़े केस भी पहले से दर्ज हैं।
8 मई को गिरफ्तार हुए हैं आरोपी
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 8 मई को दिल्ली गेट के पास जाल बिछाकर पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। एसीपी संजय कुमार नागपाल के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की एंटी राउडी स्क्वाड (एआरएससी) के इंस्पेक्टर मान सिंह और सुंदर गौतम ने छापेमारी को अंजाम दिया था। आरोपियों की पहचान मुरादाबाद निवासी 35 वर्षीय मुकीम, ओखला निवासी 36 वर्षीय गुफरान उर्फ साजिद और सीलमपुर निवासी 38 वर्षीय मोहम्मद फैजल के रूप में हुई है। गुफरान और मोहम्मद फैजल पर भी पहले से केस दर्ज हैं।
पुलिस ने दर्ज कर ली है एफआईआर
भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई गई है। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी हिरासत में हैं। दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के मैनेजर और सीईओ आरआर सिंह और उनके असिस्टेंट राकेश की भूमिका की जांच की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन