CBI Arrested Delhi Police Inspector for Demanding Bribe Worth Crores करोड़ों की घूस मांगने में दिल्ली पुलिस का इंस्पेक्टर गिरफ्तार, CBI को लेन-देन के सबूत मिले, Ncr Hindi News - Hindustan
More

करोड़ों की घूस मांगने में दिल्ली पुलिस का इंस्पेक्टर गिरफ्तार, CBI को लेन-देन के सबूत मिले

राष्ट्रीय राजधानी में बड़ी कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर को करोड़ों रुपए की घूस मांगने और वसूली की साजिश में गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी कर अहम सबूत भी बरामद किए हैं। आरोपी इंस्पेक्टर दिल्ली पुलिस के एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स में तैनात है।

Wed, 13 May 2026 05:23 AMSubodh Kumar Mishra हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
करोड़ों की घूस मांगने में दिल्ली पुलिस का इंस्पेक्टर गिरफ्तार, CBI को लेन-देन के सबूत मिले

राष्ट्रीय राजधानी में बड़ी कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर को कथित तौर पर करोड़ों रुपए की रिश्वत मांगने और वसूली की साजिश में गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी कर अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सबूत भी बरामद किए हैं। आरोपी इंस्पेक्टर दिल्ली पुलिस के एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स में तैनात है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीबीआई ने दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर सुभाष यादव को कथित तौर पर करोड़ों की रिश्वत मांगने व वसूली की साजिश में गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स में तैनात इस अधिकारी की गिरफ्तारी से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। सीबीआई ने आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी कर अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सबूत भी बरामद किए हैं, जिससे इस बड़े रिश्वत नेटवर्क के और खुलासे होने की संभावना है।

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स में तैनात

आरोपी इंस्पेक्टर सुभाष यादव दिल्ली पुलिस के एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स में तैनात है। इंस्पेक्टर पर एक कारोबारी से कार्रवाई न करने व मामले को दबाने के बदले भारी रकम की मांग करने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने प्रारंभिक जांच शुरू की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर ट्रैप की कार्रवाई की गई। इसके बाद आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्वत की रकम चरणबद्ध तरीके से वसूले जाने की योजना थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जलभराव पर नपेंगे अफसर; दिल्ली सरकार ने 448 जगहों के लिए तय की जिम्मेदारी

रिश्वत नेटवर्क की जांच में जुटी सीबीआई

सीबीआई मामले में अन्य पुलिसकर्मियों और बिचौलियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। सीबीआई यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे। क्या इससे पहले भी इसी तरह की वसूली की गई थी। जांच के दौरान बैंक खातों, मोबाइल फोन व डिजिटल लेनदेन की पड़ताल की जा रही है। इसी मामले में सीबीआई ने दिल्ली पुलिस के नारकोटिक्स सेल में तैनात एक हेड कांस्टेबल को 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगने और लेते हुए 22 अप्रैल को रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। आरोपी दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल, द्वारका में तैनात था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली की कोर्ट में जैकलीन फर्नांडीस का U-टर्न, ईडी के विरोध के बाद उठाया यह कदम

झूठे मामले में फंसाने की धमकी

सीबीआई ने 21 अप्रैल 2026 को शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया था। आरोप है कि आरोपी हेड कांस्टेबल और अन्य अज्ञात लोगों ने एक महिला शिकायतकर्ता को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 15 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इस मामले की जांच के दौरान बड़े नेक्सस का पता चला और इंस्पेक्टर की भूमिका करोड़ों रुपए के लेनदेन में सामने आई ।

रसूख के दम पर लंबी तैनाती

सूत्रों के अनुसार सुभाष यादव लंबे समय तक द्वारका जिले में तैनात रहा। बताया जाता है कि उसने कम समय में कई वरिष्ठ अधिकारियों से करीबी संबंध बना लिए थे। पूर्व के दो डीसीपी और एक स्पेशल सीपी से उसकी नजदीकियों की भी चर्चा रही।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली की 69 पॉश कॉलोनियां जल्द होंगी पक्की? भाजपा सांसद ने दिए राहत के संकेत

रिश्तेदारों की बेनामी संपत्ति पर एजेंसी की नजर

सीबीआई अब सुभाष यादव के रिश्तेदारों और करीबी सहयोगियों के आर्थिक साम्राज्य की भी गहनता से जांच कर रही है। जांच में सामने आया है कि यादव के भाई के पास भारी मात्रा में बेनामी संपत्ति है। आशंका जताई जा रही है कि इंस्पेक्टर ने अपनी काली कमाई का एक बड़ा हिस्सा अपने सगे-संबंधियों के नाम पर निवेश किया था ताकि वह जांच एजेंसियों की नजरों से बच सके। फिलहाल, सभी संदिग्धों का वित्तीय लेखा-जोखा तैयार किया जा रहा है और जल्द ही उनकी संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। मामले की जांच जारी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जलभराव पर नपेंगे अफसर; दिल्ली सरकार ने 448 जगहों के लिए तय की जिम्मेदारी
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।