सावधान दिल्लीवालों! आज 'सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड' लॉन्च, जाम से बचना है तो इन रूट पर जाने से बचें
लॉन्च इवेंट के वजह से कुछ मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था पर भी असर पड़ने वाला है। ऐसे में वाहन चालकों को घर से थोड़ा जल्दी निकलने या फिर ट्रैफिक से प्रभावित मार्गों पर यात्रा से बचने के लिए कहा गया है।

दिल्ली में आज 'सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड' स्कीम को लॉन्च किया जाएगा। पब्लिक ट्रांसपोर्ट को सुगम बनाने की दिशा में रेखा गुप्ता सरकार का यह अहम कदम माना जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में 'सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड' लॉन्च करेंगी। लॉन्च इवेंट के वजह से कुछ मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था पर भी असर पड़ने वाला है। ऐसे में वाहन चालकों को घर से थोड़ा जल्दी निकलने या फिर ट्रैफिक से प्रभावित मार्गों पर यात्रा से बचने के लिए कहा गया है।
यातायात व्यवस्था पर डीसीपी ट्रैफिक (सेंट्रल रेंज), निशांत गुप्ता ने कहा है कि ‘इस कार्यक्रम के लिए बसों का आना सुबह लगभग 8:30 बजे से शुरू हो जाएगा। इंदिरा गांधी स्टेडियम में करीब 400 बसें पहुंचेंगी। इस दौरान 10,000 लाभार्थी और लगभग 500 से 600 वाहन आएंगे। बसों की आवाजाही सुबह 8:30 बजे शुरू होने के कारण विकास मार्ग और महात्मा गांधी मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव काफी ज्यादा रहेगा। वहीं अन्य अधिकारी अलग-अलग समय पर पहुंचेंगे, ऐसे में इन मार्गों पर भारी ट्रैफिक रहेगा, इसलिए लोगों से आग्रह है कि वे महात्मा गांधी मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग और विकास मार्ग पर जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।’

'थोड़ा समय पहले निकलें'
उन्होंने आगे बताया ‘सुबह 10:30 से 11:30 बजे के बीच कुछ वीआईपी मूवमेंट भी होगी। इस वजह से कुछ मार्गों को थोड़े समय के लिए डायवर्ट किया जाएगा। अगर किसी को जरूरी काम है जैसे कि ट्रेन पकड़नी है या रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाना है, तो उन्हें सलाह दी जाती है कि वे थोड़ा समय पहले निकलें क्योंकि भीड़ और जाम होने की संभावना है।’
सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड के फायदे
आपको बता दें कि 'सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड' योजना के तहत, सरकार डीटीसी और क्लस्टर बसों में महिलाओं और ट्रांसजेंडर के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा दे रही है। इसका फायदा 12 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं और ट्रांसजेंडर को मिलेगा। अबतक बसों में फ्री सफर के लिए महिलाओं को पिंक टिकट दी जाती है। सहेली कार्ड अब इन टिकटों की जगह लेगा। इस कार्ड का फायदा ये है कि महिलाओं को बस में सफर के दौरान बार-बार टिकट नहीं लेनी पड़ेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन