दिल्ली में 'निर्भया 2.0'? चलती बस में गैंगरेप पर फूटा केजरीवाल का गुस्सा, बोले- ये हादसा पूरे…
पुलिस ने इस भयवाह कांड के बाद तुरंत एक्शन लेते हुए ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार कर लिया है और बस को जब्त कर लिया है। वहीं आम आदमी पार्टी के नेताओं ने इस पूरे मामले पर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

दिल्ली में एकबार फिर 14 साल बाद निर्भया जैसा कांड सामने आया है। रानी बाग इलाके में चलती स्लीपर बस में महिला को खींचकर कथित तौर पर गैंगरेप किया गया है। पुलिस ने इस भयवाह कांड के बाद तुरंत एक्शन लेते हुए ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार कर लिया है और बस को जब्त कर लिया है। वहीं आम आदमी पार्टी के नेताओं ने इस पूरे मामले पर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के अन्य नेताओं ने भी इस कांड पर प्रतिक्रिया दी है। केजरीवाल ने एक्स पर लिखा ‘हमने निर्भया से कुछ नहीं सीखा। ये हादसा पूरे समाज के लिए कलंक है।’
'बीजेपी के सारे इंजन ठप हो चुके हैं'
दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा ‘ दिल्ली में एक और निर्भया कांड! चलती बस में फिर से गैंगरेप! दिल्ली में बीजेपी के सारे इंजन ठप हो चुके हैं। स्कूल में बच्चियां सुरक्षित नहीं, बसों में सुरक्षित नहीं!’
'रील्स और ब्रांडिंग तक सीमित रह गई है'
वहीं पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने कहा 'दिल्ली में निर्भया जैसा खौफनाक मंजर दोबारा दिखना बेहद दुखद और शर्मनाक है। रानी बाग में चलती बस में 2 घंटे तक दरिंदगी होती रही, लेकिन भाजपा सरकार की प्राथमिकता जवाबदेही के बजाय सिर्फ रील्स और ब्रांडिंग तक सीमित रह गई है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें कानून का डर ही नहीं बचा। दिल्ली की बहन-बेटियां कब तक भाजपा के इस कुशासन के खौफ में जिएंगी?'
'खबर को दो दिन तक छिपाया गया'
वहीं आम आदमी पार्टी दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने रेखा गुप्ता सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा ‘हम कमिश्रर से पूछना चाहते हैं कि ये क्या कानून व्यवस्था है कि एक शहर में दो घंटे तक एक बस चलती रही। रानी बाग इलाका है कोई दूर-दराज वाला इलाका भी नहीं। उसमें बस घूमती रही और एक लड़की के साथ दो घंटे तक गैंगरेप होता रहा फिर उस लड़की को सड़क पर फेंक दिया गया। फिर इस खबर को दो दिन तक छिपाया गया। तो हम कमिश्रर साहब से जानना चाहते हैं कि क्यों छिपाया और आगे ऐसी घटना न हो इसके लिए आप क्या कर रहे हैं?’
महिला की शिकायत पर केस दर्ज
पुलिस ने महिला की शिकायत के बाद केस दर्ज जांच शुरू कर दी थी। महिला की उम्र 30 साल है और वह तीन बच्चों की मां है। महिला के पति टीबी की बीमारी से जूझ रहे हैं। सोमवार रात महिला फैक्ट्री से काम करके घर वापस जा रही थी। इस दौरान जब महिला सरस्वती विहार में बस स्टैंड के पास पहुंची तो बस के गेट पर खड़े कंडक्टर से टाइम पूछा। इस दौरान कंडक्टर ने कथित तौर पर महिला को जबरन बस के अंदर खींच लिया और फिर ड्राइवर के साथ मिलकर अपनी हवस का शिकार बनाया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन