झुलसती दिल्ली को मिली बड़ी राहत, तापमान में इतनी गिरावट; आज दोपहर बाद फिर से आंधी-बारिश!
शुक्रवार की सुबह गर्मी गुरुवार के मुकाबले कम महसूस की गई। न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि एक दिन पहले 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Delhi Weather Update: भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे दिल्लीवासियों को गुरुवार को कई जगह बारिश और तेज हवाओं ने राहत दी। मौसम में हुए इस बदलाव का असर भी दिख रहा है क्योंकि तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी में गुरुवार शाम को हुई बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार की सुबह गर्मी गुरुवार के मुकाबले कम महसूस की गई। न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि एक दिन पहले 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार यानी आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। दोपहर और शाम के वक्त 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
आज इतना रह सकता है अधिकतम तापमान
राहत की बात ये है कि दिल्ली में अधिकतम तापमान आज 36 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा जो कि बीते कई दिनों से 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा था। शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1.3 डिग्री कम है। वहीं पालम में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं रिज में 24 डिग्री सेल्सियस और आया नगर में 25.4 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से लगभग 2 डिग्री कम है। हालांकि आईएमडी के डेटा के मुताबिक, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिला जो कि 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
कहां कितनी बारिश दर्ज की गई?
बारिश की बात करें तो सफदरजंग में बीते 24 घंटे के दौरान 4mm बारिश (सुबह 8.30 बजे तक) दर्ज की ग है। वहीं पालम में 4.3mm, आयानगर में 3.8 mm, लोधी रोड में मामूली बारिश जबकि रिज में इस दौरान बारिश नहीं हुई।
कैसी है दिल्ली की हवा?
गुरुवार शाम दिल्ली में तेज हवाएं और बारिश के बाद चली थी जिससे हवा की गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज की गई है। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) शुक्रवार सुबह 142 यानी 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज किया गया है। सीपीसीबी के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच के एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन