दिल्ली को मिलेंगी 200 नई इलेक्ट्रिक बसें, कहां बनेगा नया अंतरराज्यीय बस टर्मिनल?
दिल्ली के बस बेड़े में इस महीने 200 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी। साल के अंत तक 7500 ईवी बसों का लक्ष्य है। साथ ही नया इंटरस्टेट बस टर्मिनल बनाने और अन्य डिपो के विस्तार की योजना है।

इस महीने दिल्ली को 200 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलने जा रही हैं, जिससे कुल संख्या 4000 से अधिक हो जाएगी। सरकार का लक्ष्य साल के अंत तक इसे 7500 तक पहुंचाना है। साथ ही भलस्वा की रीक्लेम जमीन पर नया अंतरराज्यीय बस टर्मिनल बनाने और अर्बन एक्सटेंशन रोड-II पर नए डिपो के लिए अध्ययन करने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली सरकार ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने और यात्रियों को आधुनिक और सुलभ परिवहन सुविधाएं देने पर आगे बड़ रही है।
दिल्ली में चल रहीं 4000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने मंगलवार को डीटीसी के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े के विस्तार, ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रमुख परिवहन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान अधिकारियों ने मंत्री महोदय को अवगत कराया कि दिल्ली में अभी 4000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं।
200 और नई इलेक्ट्रिक बसें की जाएंगी शामिल
अधिकारियों ने बताया कि इसी महीने मार्च में 200 और नई इलेक्ट्रिक बसें बेड़े में शामिल की जाएंगी जिससे दिल्ली का ईवी बस नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा। इस साल के आखिर तक राजधानी दिल्ली का इलेक्ट्रिक बस बेड़ा 7,500 बसों तक पहुंचने का लक्ष्य है जो दिल्ली के सस्टेनेबल पब्लिक ट्रांसपोर्टेशन की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
36 डिपो में बनाए जा रहे ईवी चार्जिंग नेटवर्क
परिवहन मंत्री को बताया गया कि दिल्ली के 44 बस डिपो में इलेक्ट्रिक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित किया गया है। इसके अलावा PM ई-ड्राइव फेज-1 और फेज-2 पहल के तहत अभी 36 डिपो में ईवी चार्जिंग नेटवर्क डेवलप किए जा रहे हैं, जो आने वाले महीनों में दिल्ली के इलेक्ट्रिक बस फ्लीट को बढ़ाने में और गति प्रदान करेंगे।
भलस्वा में बनेगा नया डीटीसी अंतरराज्यीय बस टर्मिनल
अधिकारियों ने माननीय मंत्री को अवगत कराया कि दिल्ली सरकार भलस्वा में लगभग 20 एकड़ भूमि पर नया डीटीसी अंतरराज्यीय बस टर्मिनल बनाने की योजना बना रही है। यह उस भूमि पर प्रस्तावित है जिसे लैंडफिल साइट से रिक्लेम किया जा रहा है। प्रस्तावित टर्मिनल से शहर के उत्तरी हिस्से में अंतरराज्यीय बस कनेक्टिविटी और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।
अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 कॉरिडोर पर नया डीटीसी डिपो
माननीय मंत्री ने विभाग को निर्देश दिया कि अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 कॉरिडोर पर नया डीटीसी डिपो बनाने के लिए व्यवहार्यता अध्ययन करें ताकि क्षेत्र के शहरी विस्तार और परिवहन मांग के अनुसार बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इसके अलावा उन्होंने बुराड़ी के मौजूदा बस डिपो को अपग्रेड करने का निर्देश दिया ताकि परिचालन दक्षता बढ़ाई जा सके और इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े को बेहतर मदद मिल सके।
ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन अप्रैल में होंगे शुरू
अधिकारियों ने परिवहन मंत्री को बताया कि नंद नगरी और तेहखंड में बनने वाले ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन अप्रैल में आम लोगों के लिए चालू हो जाएंगे। इससे गाड़ियों की फिटनेस टेस्टिंग बेहतर होगी और सड़क सुरक्षा के मानकों का पालन सुनिश्चित होगा। परिवहन मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को आधुनिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसमें इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, बेहतर बुनियादी ढांचे और यात्रियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।




साइन इन